भाठागांव बाजार में निगम टीम से मारपीट, FIR दर्ज
भाठागांव बाजार में निगम टीम से मारपीट, FIR दर्ज
रायपुर । रायपुर नगर निगम की ओर से शहर में अतिक्रमण और अव्यवस्थित बाजार व्यवस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। बुधवार सुबह भाठागांव बाजार क्षेत्र में निगम की टीम कार्रवाई कर रही थी।
कार्रवाई के दौरान गुंजा सोनकर, छवीलाल सोनकर, वासु सोनकर समेत अन्य लोगों ने निगम टीम की कार्रवाई का विरोध किया। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट की गई। घटना में निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को चोटें आईं।
शासकीय कार्य में भी बाधा पहुंची। घटना के बाद रायपुर नगर पालिक निगम के राजस्व विभाग के अधिकारी ने पुरानी बस्ती थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 221, 132, 296, 115(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है।
अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि शहर में अतिक्रमण हटाने और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शासकीय कार्य में बाधा डालने, निगम अमले के साथ दुर्व्यवहार या मारपीट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निगम ने नागरिकों से की सहयोग की अपील
नगर निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की है। सार्वजनिक मार्गों पर अनधिकृत रूप से दुकान, ठेला, गुमटी या अन्य संरचना नहीं लगाने को कहा है।








