‘MS Dhoni को CSK का कोच बनाओ’, आर अश्विन के बयान से मची चर्चा
‘MS Dhoni को CSK का कोच बनाओ’, आर अश्विन के बयान से मची चर्चा
नई दिल्ली । चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के लिए IPL-2026 का सीजन निराशाजनक रहा। पांच बार की चैंपियन टीम इस बार प्लेऑफ में जगह बनाने में असफल रही। टीम के लगातार खराब प्रदर्शन के बाद अब फ्रेंचाइजी में बड़े बदलाव की मांग उठने लगी है। सबसे ज्यादा सवाल टीम के लंबे समय से कोच रहे स्टीफेन फ्लेमिंग (Stephen Fleming) पर उठ रहे हैं।
अश्विन ने सुझाया नया नाम
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने टीम के अगले कोच के लिए बड़ा सुझाव दिया है। अश्विन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जब एमएस धोनी (MS Dhoni) मौजूद हैं, तो किसी दूसरे को तलाशने की जरूरत नहीं है। उन्होंने साफ तौर पर धोनी को टीम का अगला कोच बनाने की वकालत की।
धोनी के भविष्य पर संशय
एमएस धोनी इस सीजन एक भी आईपीएल मैच नहीं खेल सके। चोट के कारण वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर रहे। ऐसे में उनके अगले सीजन खेलने को लेकर भी संशय बना हुआ है। माना जा रहा है कि बतौर खिलाड़ी यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है।
धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है। उन्हें लीग इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है। उनके बाद टीम की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) को सौंपी गई, लेकिन टीम अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी।
फ्लेमिंग पर बढ़ा दबाव
स्टीफन फ्लेमिंग आईपीएल की शुरुआत 2008 से चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े हुए हैं। पहले वह खिलाड़ी के तौर पर टीम का हिस्सा बने और 2009 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कोच की जिम्मेदारी संभाली। तब से लगातार वही टीम के मुख्य कोच हैं।
हाल के सीजनों में चेन्नई की टीम टी20 क्रिकेट की नई रणनीतियों और आधुनिक टेम्पलेट से पीछे नजर आई है। इसका असर टीम के प्रदर्शन पर भी साफ दिखाई दिया। इसी वजह से अब फ्लेमिंग को हटाने और नए कोच की नियुक्ति की मांग तेज हो गई है।







