बारिश-आंधी का अलर्ट, 5 की मौत

बारिश-आंधी का अलर्ट, 5 की मौत

बारिश-आंधी का अलर्ट, 5 की मौत

रायपुर । छत्तीसगढ़ में आज (24 सितंबर) बारिश का दौर जारी रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। एक-दो जगह भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।

रायपुर समेत 15 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। वहीं बुधवार को प्रदेश में बिजली गिरने की घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। बालोद में खेत में काम कर रही महिला की मौत हुई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं।

धमतरी के नगरी इलाके में देर रात गरज-चमक के बीच सड़क पर मौजूद चार लोगों पर अचानक बिजली गिर गई। इस हादसे में एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, वहीं तीनों घायलों का इलाज जारी है।

कांकेर में खेत में पेड़ के नीचे बैठे किसान की जान चली गई। वहीं बेमेतरा में तालाब के पास पेड़ के नीचे खड़े दो मजदूरों की बिजली गिरने से मौत हो गई।

खराब मौसम को देखते हुए बस्तर जिले में 24 सितंबर को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, खराब मौसम का असर हवाई सेवा पर भी पड़ा है। जगदलपुर से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट आज रद्द कर दी गई है।

मौसम के बीच तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव में सबसे अधिक 32.5 डिग्री और पेंड्रा रोड में सबसे कम 21 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।