सांची में तीन ट्रेनों का अस्थायी ठहराव
सांची में तीन ट्रेनों का अस्थायी ठहराव
रायपुर। सांची स्तूप में 29 और 30 नवंबर को होने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को सांची स्टेशन पर अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा दो दिनों के लिए मिलेगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने वाली गाड़ी संख्या 18237/18238 कोरबा-अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस पश्चिम मध्य रेलवे के सांची स्टेशन पर दो मिनट रुकेगी। यह व्यवस्था 27 और 28 नवंबर को कोरबा और अमृतसर से रवाना होने वाली ट्रेनों के लिए की गई है।
सुबह 6.42 बजे पहुंचेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 18237 कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस सांची स्टेशन पर सुबह 6.42 बजे पहुंचेगी और 6.44 बजे रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 18238 अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस शाम 5.14 बजे पहुंचेगी और 5.16 बजे रवाना होगी।
श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
सांची में 74वीं चेटियागिरि विहार वर्षगांठ और पवित्र अवशेषों के प्रदर्शन के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अस्थायी ठहराव से इन कार्यक्रमों में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को सांची आने-जाने में सुविधा मिलेगी।








