वैभव के डेब्यू पर नजर, सीरीज बराबरी की चुनौती

वैभव के डेब्यू पर नजर, सीरीज बराबरी की चुनौती

वैभव के डेब्यू पर नजर, सीरीज बराबरी की चुनौती

नई दिल्ली । भारत और आयरलैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। पहले मैच में हार के बाद टीम इंडिया की कोशिश अब जीत दर्ज कर सीरीज बराबर करने की होगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम 2024 से अब तक कोई टी20 सीरीज नहीं हारी है और इस रिकॉर्ड को बनाए रखना चाहेगी।

दूसरी ओर आयरलैंड की टीम इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। आयरलैंड भारत के खिलाफ पहली बार टी20 सीरीज जीतने का सपना देख रहा है।
प्लेइंग इलेवन में बदलाव पर नजर

दूसरे मुकाबले में सबसे बड़ा सवाल टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर है। पहले टी20 में वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा का प्रदर्शन टीम के लिए परेशानी का कारण बना था। वाशिंगटन सुंदर ने अपने एक ओवर में 19 रन दिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने चार ओवर में 57 रन खर्च किए। प्रसिद्ध ने पारी के 17वें ओवर में 27 रन दिए थे।

अब सवाल उठ रहा है कि क्या टीम मैनेजमेंट दूसरे मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों को बाहर बैठाएगा। हालांकि एक हार के बाद टीम में बड़े बदलाव की संभावना कम मानी जा रही है।
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर नजर

इस मुकाबले में युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर भी चर्चा तेज है। क्रिकेट फैंस जानना चाहते हैं कि क्या उन्हें आज खेलने का मौका मिलेगा।

अगर वाशिंगटन सुंदर को बाहर किया जाता है तो टीम मैनेजमेंट सूर्यांश शेडगे या वैभव सूर्यवंशी में से किसी एक को मौका देने पर विचार कर सकता है। पहले मैच में भारतीय बल्लेबाजी भी संघर्ष करती नजर आई थी। संजू सैमसन, ईशान किशन और श्रेयस अय्यर बड़ी पारी नहीं खेल सके थे।
लगातार रिकॉर्ड बचाने की चुनौती

भारत का टी20 अंतरराष्ट्रीय में लगातार 12 सीरीज या टूर्नामेंट जीतने का शानदार सिलसिला शुक्रवार को खत्म हो गया था। अब भारतीय टीम रविवार को बिना हारे लगातार 16 सीरीज या टूर्नामेंट खेलने के रिकॉर्ड को बचाने की कोशिश करेगी।

दोनों टी20 मुकाबलों के बीच सिर्फ एक दिन का अंतर था, लेकिन इसके बावजूद शनिवार को टीम के लिए ऑप्शनल प्रैक्टिस सेशन रखा गया था।
कैसी होगी पिच और मौसम?

दूसरा मुकाबला भी उसी पिच पर खेला जाएगा जहां पहला मैच हुआ था। ऐसे में पिच के थोड़ी धीमी रहने की उम्मीद है। हालांकि अतिरिक्त बाउंस मिलने की संभावना भी है। मौसम अच्छा रहने के कारण एक और हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।
कहां देख पाएंगे लाइव मुकाबला?

भारत और आयरलैंड के बीच यह मुकाबला शाम 6 बजे शुरू होगा। मैच का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि सोनी लिव ऐप पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, वाशिंगटन सुंदर/सूर्यांश शेडगे, शिवम दूबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा/प्रिंस यादव।

आयरलैंड: टिम टेक्टर, रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लोरकन टकर (कप्तान, विकेटकीपर), बेन कैलिट्ज़, गैरेथ डेलाने, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज़, मैट होलार्ड, लियाम मैकार्थी, जय मूंद्रा।