6वीं-9वीं में प्रवेश के लिए करें आवेदन

6वीं-9वीं में प्रवेश के लिए करें आवेदन

6वीं-9वीं में प्रवेश के लिए करें आवेदन

रायपुर । सैनिक स्कूल अंबिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठवीं और नौवीं में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 3 नवंबर से लिए जा रहे हैं। इच्छुक विद्यार्थी 2 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

दोनों कक्षाओं में एडमिशन के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) 31 जनवरी 2027 को ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम (AISSEE-2027) आयोजित करेगी। इस परीक्षा के जरिए देशभर के सैनिक स्कूलों और नए सैनिक स्कूलों में एडमिशन दिया जाएगा।

लेट फीस के साथ 6 दिसंबर तक आवेदन का मौका

एनटीए के जारी शेड्यूल के अनुसार, आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 2 दिसंबर रात 11.50 बजे तक है। इस तारीख तक आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को 500 रुपए अतिरिक्त लेट फीस देकर 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन करने का मौका मिलेगा। आवेदन फॉर्म में गलती सुधारने के लिए 7 से 9 दिसंबर तक करेक्शन विंडो खुलेगी।

31 जनवरी को होगी पेन-पेपर मोड में परीक्षा

प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को ओएमआर शीट पर पेन-पेपर मोड में होगी। परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी को जारी होगी। वहीं एडमिट कार्ड 25 जनवरी से एनटीए की वेबसाइट पर डाउनलोड किए जा सकेंगे।

कक्षा छठवीं के लिए परीक्षा 150 मिनट की होगी। इसमें 13 भाषाओं में सवाल पूछे जाएंगे। वहीं कक्षा नौवीं की परीक्षा 180 मिनट की होगी और यह केवल अंग्रेजी माध्यम में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे।

एनटीए की वेबसाइट पर मिलेगी पूरी जानकारी

एडमिशन के लिए पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, सिलेबस और परीक्षा शुल्क की जानकारी एनटीए की वेबसाइट पर जारी सूचना पुस्तिका में दी गई है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

परीक्षा से जुड़ी जानकारी या समस्या के लिए एनटीए हेल्पडेस्क के नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा aissee@nta.ac.in पर ई-मेल भी भेज सकते हैं।