"उपचुनाव में BJP का दबदबा, 3 अध्यक्ष पद जीते"
"उपचुनाव में BJP का दबदबा, 3 अध्यक्ष पद जीते"
बिलासपुर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत उपचुनाव की मतगणना गुरुवार को पूरी हो गई। नगरीय निकाय अध्यक्ष के 5 पदों में भाजपा ने 3 और कांग्रेस ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने बम्हनीडीह (जांजगीर-चांपा), शिवनंदनपुर (सूरजपुर) और सहसपुर लोहारा
71 पार्षद पदों में भाजपा को 39, कांग्रेस को 30 और 2 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। त्रि-स्तरीय पंचायत उपचुनाव में वार्ड पंच, सरपंच और जनपद सदस्य के कुल 151 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण-पत्र सौंपे गए और आचार संहिता समाप्त कर दी गई।
नगर निगम उपचुनाव में कांग्रेस को बिलासपुर और जगदलपुर में जीत मिली। जगदलपुर के इंदिरा वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने भाजपा के मनोहर दत्त तिवारी को 436 वोटों से हराया। मनोहर दत्त तिवारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी माने जाते हैं।
बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को 1062 वोटों से मात दी।
नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि जनता का भरोसा भाजपा सरकार से कम हो रहा है। वहीं, जगदलपुर के महापौर संजय पांडेय ने हार की समीक्षा करने की बात कही।
जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में 1 जून को उपचुनाव में कुल 1,542 में से 1,223 वोटर्स ने वोट डाले थे। भाजपा ने मनोहर दत्त तिवारी को मैदान में उतारा था, जो कि प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी हैं।
जबकि आम आदमी पार्टी से रुबीना कुरैशी चुनावी मैदान में थीं। खास बात यह है कि इंदिरा वार्ड कांग्रेस का गढ़ है। पिछले 30 सालों से वार्ड में कांग्रेस का कब्जा रहा है। इस बार फिर कांग्रेस ने जीत दर्ज की।
दरअसल, यह सीट कांग्रेस के सीनियर पार्षद रहे अब्दुल रशीद के निधन के बाद खाली हुई थी। अब्दुल रशीद लगातार 4 बार पार्षद चुने गए थे। इससे पहले उनकी मां भी दो बार इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी थीं।
बिलासपुर नगर निगम में वार्ड क्रमांक 29 (संजय गांधी नगर) के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को हरा दिया है। इस वार्ड में कांग्रेस पिछले 40 सालों से चुनाव जीत रही है।
जानकारी के मुताबिक, मधुसूदन राव को शेख आजम के पिता शेख असलम ने भी हराया था। वार्ड 29 में यह दूसरा उपचुनाव है। इससे पहले पार्षद शेख गफ्फार के निधन के बाद हुए उप चुनाव में उनके भाई शेख असलम विजयी हुए थे।
बाद में शेख असलम सामान्य चुनाव में भी पार्षद चुने गए। उनके निधन के बाद सीट खाली होने से फिर उपचुनाव कराना पड़ा। बता दें कि 1 जून को हुए उपचुनाव में वार्ड के 5255 मतदाताओं में से 3665 मतदाताओं ने वोट डाला था।
राजनांदगांव में कुल 14 वार्डों में चुनाव हुए। कांग्रेस की फूलमती वर्मा 85 वोटों से जीतीं और घुमका नगर पंचायत की पहली अध्यक्ष बनीं। यानी अध्यक्ष पद कांग्रेस के पास गया, जबकि वार्डों में भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिली।







