‘डेड ड्रॉप’ सिस्टम से चलती थी ड्रग्स सप्लाई, रायपुर पुलिस ने 6 को पकड़ा
‘डेड ड्रॉप’ सिस्टम से चलती थी ड्रग्स सप्लाई, रायपुर पुलिस ने 6 को पकड़ा
रायपुर। राजधानी में सूखा नशा और सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU), एएनटीएफ और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 48.03 ग्राम एमडीएमए, 8 पार्टी पिल्स, 9 मोबाइल फोन, एक स्प्लेंडर बाइक और ड्रग्स सप्लाई में इस्तेमाल किया गया कुरियर बॉक्स जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार इस पूरे सिंडिकेट का संचालन दिल्ली में बैठे मास्टरमाइंड महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा कर रहे थे, जो पहले भी वर्ष 2024 में खम्हारडीह थाना क्षेत्र में ड्रग्स मामले में जेल जा चुके हैं।
डेड ड्रॉप सिस्टम से हो रही थी सप्लाई
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ‘डेड ड्रॉप सिस्टम’ का इस्तेमाल कर रहे थे। इस तरीके में ड्रग्स को सीधे हाथों-हाथ देने के बजाय सुनसान जगहों पर रख दिया जाता था और उसकी लोकेशन व वीडियो ग्राहकों को भेजी जाती थी। इससे पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश की जा रही थी।
रैपिडो राइडर और कोरियर का इस्तेमाल
पुलिस जांच में सामने आया कि दिल्ली से ड्रग्स को कोरियर के जरिए रायपुर भेजा जाता था। यहां कुणाल मंगतानी ड्रग्स रिसीव करता था। इसके बाद रैपिडो राइडरों के माध्यम से सुनसान स्थानों पर ड्रग्स रखवाकर लोकेशन शेयर की जाती थी। ड्रग्स की पेमेंट के लिए आरोपियों द्वारा अलग-अलग बैंक खातों का उपयोग किया जा रहा था।
ऐसे हुई कार्रवाई
एसीसीयू को सूचना मिली थी कि शहर में रैपिडो राइडरों के जरिए एमडीएमए की सप्लाई हो रही है। इस पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (सेंट्रल) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में टीम गठित की गई।
29 मार्च को तेलीबांधा क्षेत्र के काशीराम नगर के पास पुलिस ने तीन रैपिडो राइडर—सौरभ डोंगरे, शुभम राठौर और सौरभ यादव को पकड़ लिया। पूछताछ में इनके पास से मिली जानकारी के आधार पर कुणाल मंगतानी को भी गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम दिल्ली पहुंची और पंचशील विहार से मास्टरमाइंड महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा को हिरासत में लेकर रायपुर लाया गया, जहां उनकी गिरफ्तारी की गई।
नाइजीरियन कनेक्शन की जांच
पूछताछ में मास्टरमाइंड आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे नाइजीरियन नागरिकों से ड्रग्स खरीदते थे। पुलिस इस अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
कुणाल मंगतानी (रायपुर)
सौरभ डोंगरे (रायपुर)
शुभम राठौर (रायपुर)
सौरभ यादव (रायपुर)
महेश सिंह खड़का (दिल्ली)
कुसुम हिन्दुजा (रायपुर/दिल्ली)
आरोपियों की भूमिका
महेश खड़का, कुसुम हिन्दुजा: सिंडिकेट के मास्टरमाइंड, नेटवर्क संचालन
कुणाल मंगतानी: कोरियर से ड्रग्स रिसीव करना
सौरभ यादव, शुभम राठौर, सौरभ डोंगरे: रैपिडो राइडर के रूप में डिलीवरी
मामला किया गया दर्ज
आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 146/26 धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सिंथेटिक ड्रग्स से दूर रहें और इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि नशा मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।







