इंग्लैंड से मुकाबले से पहले पू्र्व दिग्गज क्रिकेटर की भारत को चेतावनी
इंग्लैंड से मुकाबले से पहले पू्र्व दिग्गज क्रिकेटर की भारत को चेतावनी
नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup Semifinal match) के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की कप्तानी में टीम इंडिया अब 5 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ (Ind Vs Eng) अहम मुकाबला खेलेगी।
इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा ने बड़ा बयान दिया है और फाइनल को लेकर अपनी भविष्यवाणी भी की है।
मैक्ग्रा की भविष्यवाणी: भारत और साउथ अफ्रीका फाइनल में
ग्लेन मैक्ग्रा का मानना है कि इस बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और साउथ अफ्रीका आमने-सामने हो सकते हैं। उन्होंने भारतीय टीम की मौजूदा फॉर्म और संतुलन की तारीफ करते हुए कहा कि टीम इंडिया के पास फाइनल तक पहुंचने की पूरी क्षमता है।
हालांकि, उन्होंने भारत को आगाह भी किया है कि सेमीफाइनल में इंग्लैंड को बिल्कुल भी हल्के में नहीं लेना चाहिए। उनके मुताबिक, इंग्लैंड एक खतरनाक टीम है और अगर उसने अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाया तो किसी भी टीम को चुनौती दे सकती है।
मुश्किल दौर से उबरकर सेमीफाइनल तक पहुंचा भारत
एक समय ऐसा भी आया था जब भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर सवाल उठने लगे थे। टीम के प्रदर्शन को लेकर आलोचना हो रही थी, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए अहम मुकाबले में संजू सैमसन की नाबाद 97 रनों की पारी ने तस्वीर बदल दी।
इस शानदार पारी की बदौलत भारत ने निर्णायक जीत दर्ज की और अंतिम चार में जगह बना ली। मैक्ग्रा ने भी स्वीकार किया कि सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम अब आत्मविश्वास से भरी हुई नजर आ रही है और फाइनल तक पहुंच सकती है।
इंग्लैंड को लेकर मैक्ग्रा की चेतावनी
ग्लेन मैक्ग्रा ने स्पष्ट कहा कि इंग्लैंड को कम आंकना भारत के लिए बड़ी भूल हो सकती है। उन्होंने कहा, “इंग्लैंड एक खतरनाक टीम है और उनका प्रदर्शन अच्छा रहा तो वे कुछ भी कर सकते हैं।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि इंग्लैंड कुछ मौकों पर भाग्यशाली भी रहा है। नेपाल के खिलाफ वह हार सकता था और इटली के खिलाफ मुकाबला भी करीबी रहा। लेकिन इंग्लैंड ने जीत के तरीके खोज लिए, जो किसी भी मजबूत टीम की पहचान होती है। ऐसे में सेमीफाइनल में उनका आत्मविश्वास बढ़ा हुआ रहेगा।
मैक्ग्रा के अनुसार, यदि भारत और इंग्लैंड दोनों अपनी-अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन करते हैं, तो भारत के पास फाइनल में पहुंचने का बेहतर मौका रहेगा।
साउथ अफ्रीका को बताया संतुलित टीम
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने साउथ अफ्रीका को भी मजबूत दावेदार बताया। उन्होंने कहा, “कुछ समय पहले मैंने कहा था कि साउथ अफ्रीका टी20 क्रिकेट पर अधिक ध्यान केंद्रित करेगी। उनके पास अच्छे बल्लेबाज हैं और मजबूत गेंदबाजी आक्रमण भी है।”
सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। मैक्ग्रा को उम्मीद है कि साउथ अफ्रीका इस मैच में जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि जब भी साउथ अफ्रीका न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलती है, तो आमतौर पर अच्छा प्रदर्शन करती है और जीत हासिल करती है, हालांकि ऐसा क्यों होता है, यह वे भी स्पष्ट नहीं कर सके।
फाइनल के लिए दो पसंदीदा टीमें
ग्लेन मैक्ग्रा ने अंत में कहा कि उनके अनुसार फाइनल के लिए दो पसंदीदा टीमें भारत और साउथ अफ्रीका हैं। भारतीय टीम मौजूदा समय में संतुलित नजर आ रही है, जबकि साउथ अफ्रीका ने भी टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाया है।
अब सबकी निगाहें 5 मार्च को होने वाले भारत और इंग्लैंड के सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां से तय होगा कि टीम इंडिया मैक्ग्रा की भविष्यवाणी को सच कर पाती है या नहीं।







