IPL फाइनल हार के बाद गुजरात टाइटंस की बस में लगी आग, खिलाड़ियों में मची अफरा-तफरी
IPL फाइनल हार के बाद गुजरात टाइटंस की बस में लगी आग, खिलाड़ियों में मची अफरा-तफरी
नई दिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल में हार झेलने के बाद गुजरात टाइटंस की टीम एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गई। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम से होटल लौटते समय टीम की बस में अचानक आग लग गई। घटना के बाद खिलाड़ियों और टीम स्टाफ के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा आग का कारण
मिली जानकारी के अनुसार गुजरात टाइटंस की टीम बस में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी। देखते ही देखते बस से धुआं निकलने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। एहतियात के तौर पर बस को तुरंत रोका गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
हादसे के चलते खिलाड़ी और स्टाफ करीब एक घंटे तक सड़क पर ही रुके रहे। बाद में टीम प्रबंधन ने दूसरी बस की व्यवस्था कर सभी को होटल पहुंचाया।
लगातार दूसरी परेशानी का सामना
गुजरात टाइटंस के लिए यह दिन पहले ही निराशाजनक रहा था। टीम आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अपने घरेलू मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताब जीतने का मौका गंवा चुकी थी। इसके बाद बस में आग लगने की घटना ने टीम की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
बल्लेबाजी में चूकी गुजरात टाइटंस
फाइनल मुकाबले में टॉस हारने के बाद गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी की। टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी। टीम के प्रमुख बल्लेबाज शुभमन गिल और साई सुदर्शन बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे।
गुजरात की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने सबसे अधिक 50 रन बनाए और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
विराट की दमदार पारी से RCB बनी चैंपियन
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रजत पाटीदार की अगुवाई वाली RCB ने शानदार प्रदर्शन किया। विराट कोहली ने नाबाद 75 रन की मैच विजयी पारी खेली और विजयी शॉट लगाकर टीम को जीत दिलाई। बेंगलुरु ने 12 गेंद शेष रहते 161 रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से अपने नाम किया और लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।







