चैंपियन बनी RCB, होटल में रातभर चला ग्रैंड सेलिब्रेशन
चैंपियन बनी RCB, होटल में रातभर चला ग्रैंड सेलिब्रेशन
नई दिल्ली । आईपीएल 2026 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से हराते हुए बेंगलुरु की टीम ने लगातार दूसरी बार IPL ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल किया। मैदान पर जीत दर्ज करने के बाद असली जश्न (RCB Celebration VIral Video) टीम होटल में देखने को मिला, जहां खिलाड़ियों ने इस ऐतिहासिक सफलता का जमकर उत्सव मनाया।
होटल में हुआ भव्य स्वागत
खिताबी मुकाबला जीतने के बाद जब RCB की टीम देर रात होटल पहुंची तो खिलाड़ियों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। होटल की लॉबी में ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच खिलाड़ियों का स्वागत हुआ। टीम के सभी सदस्य जीत की खुशी में सराबोर नजर आए और जमकर डांस करते दिखाई दिए।
ट्रॉफी के साथ थिरके क्रुणाल और विराट
RCB की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या सिर पर IPL ट्रॉफी रखकर नाचते दिखाई दे रहे हैं। वहीं कप्तान रजत पाटीदार ढोल पर बैठकर जश्न मनाते नजर आए। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी क्रुणाल पांड्या के साथ ढोल की थाप पर भांगड़ा करते दिखे। खिलाड़ियों की खुशी उनके चेहरों पर साफ झलक रही थी।
आईपीएल 2026 का खिताब जीतने वाली RCB को 20 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। पिछले सीजन में भी टीम को चैंपियन बनने पर इतनी ही रकम मिली थी। वहीं उपविजेता गुजरात टाइटंस को 12.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।







