कानूनी विवादों में घिरी 'हेरा फेरी 3', इस साल शुरू नहीं होगी शूटिंग

कानूनी विवादों में घिरी 'हेरा फेरी 3', इस साल शुरू नहीं होगी शूटिंग

कानूनी विवादों में घिरी 'हेरा फेरी 3', इस साल शुरू नहीं होगी शूटिंग

नई दिल्ली । हिंदी सिनेमा की चर्चित फ्रेंचाइजी 'हेरा फेरी 3' की रिलीज और शूटिंग को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की लोकप्रिय तिकड़ी एक बार फिर राजू, श्याम और बाबूराव के किरदार में नजर आने वाली थी, लेकिन फिल्म फिलहाल कानूनी उलझनों में फंसी हुई है।

क्या हैं दिक्कतें

निर्देशक प्रियदर्शन ने ई-टाइम्स से बातचीत में स्पष्ट किया कि तीसरे पार्ट को लेकर कई जटिलताएं सामने आई हैं। उनके अनुसार, फिल्म की घोषणा के बाद कुछ लोगों ने इसके अधिकार अपने पास होने का दावा किया, जबकि अन्य ने म्यूजिक राइट्स पर स्वामित्व जताया। यहां तक कि भूषण कुमार की ओर से भी सार्वजनिक सूचना जारी कर तीसरे भाग के संगीत अधिकार अपने लेबल के पास होने की बात कही गई। प्रियदर्शन ने कहा कि इन सभी मुद्दों के समाधान के बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म इस साल फ्लोर पर जा सकती है, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ऐसा नहीं होगा।

कहां फंस रहा है मामला

विवाद की जड़ उस समय सामने आई जब निर्माता जीपी विजयकुमार ने मद्रास हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर दावा किया कि ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी का कॉपीराइट फिरोज नाडियाडवाला के पास नहीं, बल्कि उनकी चेन्नई स्थित कंपनी सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड के पास है। कंपनी का कहना है कि उसने पहले मलयालम फिल्म ‘रामजी राव स्पीकिंग’ और उसके हिंदी रीमेक ‘हेरा फेरी’ के अधिकार खरीदे थे, जिसके आधार पर तीसरे भाग पर भी उसका दावा बनता है।