स्मार्ट मीटर पर महंत का सवाल, CM को लिखा पत्र
स्मार्ट मीटर पर महंत का सवाल, CM को लिखा पत्र
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल और मीटर की रीडिंग को लेकर मिल रही शिकायतों की जांच कराने की मांग की है।

महंत ने पत्र में लिखा है कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों और नगरीय निकायों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इनके लगने के बाद से कई उपभोक्ताओं ने बिजली की खपत और बिल में असामान्य बढ़ोतरी की शिकायत की है। उन्होंने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्मार्ट मीटरों की जांच और जरूरत पड़ने पर उन्हें बदलने के लिए तत्काल निर्देश जारी करने की मांग की है।

महंत ने मुख्यमंत्री को बताया कि, कई उपभोक्ताओं ने घर के सभी प्रमुख बिजली उपकरण बंद रखने के बावजूद स्मार्ट मीटर की रीडिंग बढ़ने की शिकायत की है। कुछ मामलों में उपभोक्ताओं ने इसका वीडियो और अन्य साक्ष्य भी जुटाए हैं।
उनका कहना है कि ऐसे मामलों की तकनीकी जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि रीडिंग बढ़ने की वजह मीटर की तकनीकी खराबी है या सॉफ्टवेयर से जुड़ी कोई समस्या।
पुराने मीटर की तुलना में कई गुना खपत की शिकायत
पत्र में महंत ने कहा कि, हजारों उपभोक्ताओं ने लिखित शिकायतों के साथ बताया है कि पुराने इलेक्ट्रॉनिक मीटर की तुलना में स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली की खपत कई गुना अधिक दर्ज हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि शिकायतों की जांच कराई जाए और जिन स्मार्ट मीटरों में गड़बड़ी मिलती है, उन्हें तत्काल बदला जाए।
‘उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लें’
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, प्रदेश में बड़ी संख्या में गरीब, किसान और मध्यम वर्ग के परिवार बिजली बिल का भुगतान करते हैं। ऐसे में मीटर की रीडिंग या बिल को लेकर शिकायतों का समय पर समाधान जरूरी है। बिजली विभाग को स्मार्ट मीटरों से जुड़ी शिकायतों की जांच, सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए स्पष्ट निर्देश दिए जाएं।








