रायपुर में चोरी की बड़ी वारदात, कारोबारी के सूने बंगले को बनाया निशाना

रायपुर में चोरी की बड़ी वारदात, कारोबारी के सूने बंगले को बनाया निशाना

रायपुर में चोरी की बड़ी वारदात, कारोबारी के सूने बंगले को बनाया निशाना

रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित गोल्डन होम्स कालोनी में परिवार की मौजूदगी के दौरान बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर कारोबारी भरत छाबड़िया के बंगले में घुसकर करीब 10 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, गोल्डन होम्स के गेट नंबर-2 के पास स्थित कारोबारी भरत छाबड़िया के बंगले को चोरों ने निशाना बनाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश बाथरूम की खिड़की तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए। उस समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन चोर वारदात को अंजाम देकर निकल गए और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

चोर घर से लगभग सात से आठ तोला सोने के जेवर, चांदी के आभूषण और करीब 10 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना का पता चलने पर परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। कालोनी में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। जांचकर्ताओं का मानना है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों ने पहले से रेकी की थी और घर की गतिविधियों की पूरी जानकारी जुटाने के बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया।