रिवर व्यू रोड पर आधी रात बर्थडे सेलिब्रेशन
रिवर व्यू रोड पर आधी रात बर्थडे सेलिब्रेशन
बिलासपुर। नायब तहसीलदार का बीच सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने का वायरल वीडियो बिलासपुर का निकला। सोशल मीडिया पर पहले इस वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था।
जांच में पता चला कि बिलासपुर के रिवर व्यू रोड पर नायब तहसीलदार विपिन पटेल ने बीच सड़क पर जन्मदिन मनाया था। विपिन पटेल रायपुर में पोस्टेड हैं। इस मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने गाड़ी नंबर CG-04-NY-1910 के मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
'ओ ओ जाने जाना' गाने पर बनाई थी रील
वीडियो में कार की डिक्की खोलकर उसमें केक और जन्मदिन का टैग रखा दिखाई दे रहा है। वीडियो में सलमान खान की फिल्म के चर्चित गाने 'ओ ओ जाने जाना' पर रील बनाते भी नजर आ रहे हैं।
इसके अलावा एक युवक सड़क पर आतिशबाजी की तैयारी करते दिख रहा है। शुरुआत में वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस की जांच और FIR के बाद घटना बिलासपुर के रिवर व्यू रोड की निकली।
रायपुर में पोस्टिंग, बिलासपुर में मनाया जन्मदिन
नायब तहसीलदार विपिन पटेल की पोस्टिंग रायपुर जिले में है, इसलिए पहले माना जा रहा था कि उन्होंने रायपुर में बीच सड़क पर जन्मदिन मनाया है। हालांकि, पुलिस की जांच में पता चला कि विपिन पटेल ने बिलासपुर के रिवर व्यू रोड पर जन्मदिन मनाया था।
शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस के अनुसार, सरजू बगीचा निवासी अमित साहू (35) ने शिकायत में बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1 बजे वह रिवर व्यू रोड से घर लौट रहे थे। इस दौरान सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था।
इससे आवागमन बाधित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका थी। अमित ने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित कार के ओनर और ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सड़क पर बर्थडे मनाने के मामलों में हाईकोर्ट के सख्त निर्देश
सड़क पर केक काटने और ट्रैफिक बाधित करने की घटनाओं पर हाईकोर्ट पहले भी सख्त निर्देश दे चुका है। कोर्ट ने ऐसे मामलों में कार्रवाई करने और दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के निर्देश राज्य सरकार और पुलिस को दिए थे।








