रनों की बारिश में चमके नए सितारे

रनों की बारिश में चमके नए सितारे

रनों की बारिश में चमके नए सितारे

इंदौर। आईपीएल की तर्ज पर खेली जा रही प्रदेश की अपनी लीग मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी-20 सिंधिया कप 2026 का पहला सप्ताह रोमांच से भरपूर रहा, जहां कई उलटफेर भी देखने को मिले। साथ ही युवा खिलाड़ियों के बल्ले से शतक भी निकले। वहीं दूसरी ओर आईपीएल में अपनी फ्रेंचाइजियों के लिए धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले सितारा खिलाड़ी तीन जून को शुरू हुई इस लीग में अभी तक कोई खास प्रदर्शन करने में नाकाम रहे हैं।

रायल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) को आईपीएल 2026 का चैंपियन बनाने वाले के कप्तान रजत पाटीदार और स्टार खिलाड़ी वेंकटेश अय्यर के अलावा आशुतोष शर्मा जैसे नाम अभी तक इस लीग में अपने कद के हिसाब से प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। वहीं दूसरी ओर लीग में पार्थ चौधरी, हिमांशु शिंदे, अनिकेत शर्मा, ईशान अफरीदी, विनित रावत, शिवम शुक्ला जैसे युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है।

चंबल घड़‍ियाल्स इस समय टॉप पर

कुल मिलाकर बीते एक सप्ताह में बढ़े हुए लीग का यह बढ़ा हुआ प्रारूप प्रशंसकों को स्टेडियम तक खींचने में सफल रहा है। नईदुनिया इस एमपीएल टी-20 लीग 2026 का मीडिया पार्टनर है। पुरुषों की दस टीमों में पहले सप्ताह में गेंद और बल्ले के बीच जबर्दस्त टक्कर देखने को मिली और इस दौरान कई उलटफेर भी हुए। शुभम शर्मा के नेतृत्व वाली चंबल घड़ियाल्स इस समय तालिका में शीर्ष पर है।

उसने अभी तक खेले गए अपने तीनों मैच जीते हैं और वह कुल छह अंकों से साथ शीर्ष पर है। वहीं भोपाल लैपर्ड्स और ग्वालियर चीताज के चार-चार अंक हैं। अनिकेत वर्मा की कप्तानी वाली भोपाल लैपर्ड्स ने अभी तक खेले चार मैचों में से दो जीते हैं, जबकि दो हारे हैं। बेहतर रन औसत (0.08) के आधार पर वह दूसरे स्थान पर है।