बाप तो बाप होता है’ से सियासी वार
बाप तो बाप होता है’ से सियासी वार
रायपुर । छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को लेकर भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को रॉकस्टार बनाकर 'बाप तो बाप होता है' गाना तैयार किया गया है। गाने के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके बेटे चैतन्य बघेल पर निशाना साधा है।
गाने के बोल हैं- 'बाप ने बेटे को मूर्ख बनाया, खुद ऐश किया, बेटे को जेल भिजवाया।' इसमें कथित शराब सिंडिकेट और 250 करोड़ रुपए का भी जिक्र किया गया है। गाने में आगे कहा गया है कि, 'लेकिन बाप तो बाप होता है' और 'बाप बना घोटालों का सरदार, बेटे का था इसमें पूरा किरदार।'
राष्ट्रीय सचिव की नियुक्ति नहीं मिलने के बाद सियासी चर्चा
दरअसल, AICC की नई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी नहीं मिली। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व OSD मनीष बंछोर की सोशल मीडिया पोस्ट 'बाप तो बाप होता है' चर्चा में आई थी। अब भाजपा ने इसी राजनीतिक संदर्भ को लेकर गाने के जरिए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा है।
शराब घोटाले को लेकर भी तंज
भाजपा ने वीडियो में शराब घोटाले और चैतन्य बघेल से जुड़े आरोपों को गाने के बोल में शामिल किया है। चैतन्य बघेल शराब घोटाले से जुड़े मामले में जांच और कानूनी कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। वीडियो में लगाए गए राजनीतिक आरोपों को भाजपा के तंज के रूप में देखा जाना चाहिए।








