पाकिस्तान के इस्लामाबाद में जोरदार बम धमाका
पाकिस्तान के इस्लामाबाद में जोरदार बम धमाका
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। शहजाद टाउन इलाके में स्थित तरलाई इमामबाड़े में जुमे की नमाज के दौरान फिदायीन हमला किया गया, जिसमें 69 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 169 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और रेस्क्यू 1122 की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को फेडरल कैपिटल के पॉलीक्लिनिक अस्पताल, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और CDA अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Dawn से बातचीत में एक प्रवक्ता ने बताया कि PIMS के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के निर्देश पर अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और सभी डॉक्टरों व स्टाफ को अलर्ट पर रखा गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले 11 नवंबर 2025 को इस्लामाबाद के G-11 इलाके में डिस्ट्रिक्ट और सेशंस कोर्ट बिल्डिंग के बाहर सुसाइड ब्लास्ट हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
तीन महीने के भीतर राजधानी में दूसरी बार हुए इस धमाके ने सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां हमले की जांच में जुटी हुई हैं।







