म्यूजिक कंपनी के ठिकानों पर छापे
म्यूजिक कंपनी के ठिकानों पर छापे
रायपुर। महादेव सट्टा से अर्जित काली कमाई को खपाने के नेटवर्क की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को राज्य के तीन शहरों रायपुर, भिलाई और धमतरी में बड़ी छापेमारी की। एजेंसी की टीमें होटल, कारोबारी प्रतिष्ठानों और निजी ठिकानों पर पहुंचीं। इस कार्रवाई में भिलाई के रोहन पार्क होटल के मालिक रोहन कुकरानी और रायपुर में जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर पदस्थ राजेंद्र सिंह के ठिकानों पर दबिश दी गई। रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में राजेंद्र सिंह के घर की तलाशी ली गई, जबकि भिलाई में रोहन कुकरानी के घर और होटल में ईडी की टीम ने जांच की। कार्रवाई में निवेश, संपत्ति और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।
होटल कारोबारी और सरकारी कर्मी पर शिकंजा
महादेव सट्टा एप मामले में भिलाई के रोहन पार्क होटल के मालिक रोहन कुकरानी का नाम सामने आने के बाद ईडी की टीम ने उनके आवास के साथ होटल में भी तलाशी ली। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि होटल कारोबार में किए गए निवेश का महादेव सट्टा नेटवर्क से कोई वित्तीय संबंध है या नहीं। इसी तरह रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में राजेंद्र सिंह के आवास पर छापेमारी की गई। वे जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक बताए गए हैं। मूलतः अंबिकापुर के सत्तीपारा क्षेत्र के रहने वाले राजेंद्र के भाई लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर हैं। ईडी की कार्रवाई के पीछे वित्तीय लेनदेन और संपत्ति से संबंधित पहलुओं की जांच को अहम माना जा रहा है।
म्यूजिक कंपनी भी जांच के दायरे में
महादेव मामले में म्यूजिक कंपनी ओसीएम रिकॉर्ड में हुए निवेश और वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है। एजेंसी यह पता लगा रही है कि कंपनी की हिस्सेदारी और उसमें लगाए गए धन का स्रोत क्या है और इसका सट्टा नेटवर्क से कोई सीधा या परोक्ष संबंध है या नहीं।
वकील की भूमिका और हवाला की जांच
वकील हिमांशु शेखर की भूमिका और कारोबारी नेटवर्क से उनके संपर्कों की भी ईडी पड़ताल कर रही है। एजेंसी निवेश, लेनदेन और संबंधित लोगों के बीच वित्तीय संबंधों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अब जांच का मुख्य सवाल है कि 60 करोड़ के कथित हवाला लेनदेन और 200 करोड़ के निवेश के बीच क्या संबंध है और सट्टे की कमाई किन कारोबारों के जरिए खपाई गई। छापेमारी में मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
तीन शहरों में दस्तावेजों की पड़ताल
रायपुर, भिलाई और धमतरी में हुई कार्रवाई के दौरान ईडी की टीमें संबंधित ठिकानों से मिले दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। एजेंसी का फोकस सट्टे से अर्जित रकम के निवेश और उसे अलग-अलग कारोबारों के माध्यम से खपाने के संभावित नेटवर्क का पता लगाने पर है। छापेमारी में सामने आने वाले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही संबंधित लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।








