PSC में भर्ती प्रक्रिया ठप, 608 इंटरव्यू भी पेंडिंग

PSC में भर्ती प्रक्रिया ठप, 608 इंटरव्यू भी पेंडिंग

PSC में भर्ती प्रक्रिया ठप, 608 इंटरव्यू भी पेंडिंग

रायपुर । छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) में अध्यक्ष का पद खाली होने का असर अब नई भर्तियों के साथ पुरानी चयन प्रक्रियाओं पर भी दिखने लगा है। आयोग इस साल 26 नवंबर को राज्य सेवा परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी नहीं कर सका। संविधान दिवस पर विज्ञापन जारी करने की परंपरा पिछले कई सालों से चली आ रही थी, लेकिन इस बार अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई।

नई भर्ती के लिए करीब 150 से 155 पदों का विज्ञापन तैयार है। इसमें डिप्टी कलेक्टर के 10 और डीएसपी के 5 पद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष की नियुक्ति और उनके हस्ताक्षर के बाद ही विज्ञापन जारी हो सकेगा। यानी भर्ती की तैयारी पूरी होने के बाद भी पद खाली रहने से प्रक्रिया रुकी हुई है।

लोकभवन से मंजूरी मिलने का इंतजार

आयोग के नए अध्यक्ष के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवड़े का नाम चर्चा में है। राज्य सरकार की ओर से नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार कर अनुमोदन के लिए लोकभवन भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग नियुक्ति आदेश जारी करेगा। फिलहाल प्रस्ताव पर अनुमोदन का इंतजार है।

तीन महीने से कार्यकारी अध्यक्ष भी नहीं

पीएससी में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति लंबे समय से नहीं हुई है। आयोग पिछले तीन साल से कार्यकारी अध्यक्ष के भरोसे काम कर रहा था। पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल 8 सितंबर 2026 को खत्म हुआ। इसके बाद से आयोग में न नियमित अध्यक्ष है और न कार्यकारी अध्यक्ष। इसका असर भर्ती से जुड़े फैसलों और लंबित प्रक्रियाओं पर पड़ रहा है।

608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू का इंतजार

राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत 265 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा पास कर चुके 608 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू भी लंबित है। इसके अलावा पुलिस विभाग की एसआई भर्ती परीक्षा और करीब 5 हजार सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामले अटके हुए हैं। पदोन्नति में देरी के कारण पात्र कर्मचारियों को मिलने वाले वित्तीय और सेवागत लाभ भी समय पर नहीं मिल पा रहे हैं।

पिछले साल 238 से बढ़ाकर 265 किए थे पद

पिछले साल राज्य सेवा परीक्षा के लिए शुरुआत में 238 पदों का विज्ञापन जारी किया गया था। बाद में पदों की संख्या बढ़ाकर 265 कर दी गई थी। इस बार 150 से 155 पदों पर भर्ती की तैयारी है, लेकिन अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।