नीले पेन से लिखा रिज्यूमे, 19 साल के युवक की बदली जिंदगी
नीले पेन से लिखा रिज्यूमे, 19 साल के युवक की बदली जिंदगी
नई दिल्ली। कहते हैं कि कठिन परिस्थितियां ही इंसान के असली जज़्बे की परीक्षा लेती हैं। ब्राजिल के 19 साल के लुकास गैब्रिएल दा सिल्वा (Lucas Gabriel da Silva) ने इस बात को सच साबित कर दिखाया है। लुकास के पास न तो कंप्यूटर था और न ही प्रिंटर, लेकिन उसने एक सादे कागज पर नीले पेन से हाथ से ही अपना बायोडाटा लिख डाला। इसमें कोई बड़ी डिग्रियां दर्ज नहीं थीं, बल्कि उसकी जिदगी के वास्तविक संघर्ष की दास्तान थी।
कबाड़ चुनकर चलाता है परिवार का खर्च
Planlea की रिपोर्ट के अनुसार, लुकास हर सुबह जल्दी उठकर कबाड़ और रिसाइकल होने वाला सामान बटोरने निकल पड़ता है। इसी मेहनत से उसके घर का गुज़र-बसर होता है। वह अपनी मां और दो छोटे भाई-बहनों के साथ एक छोटे से मकान में रहता है। बचपन में ही पिता के छोड़ जाने के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर आ गई थी।
‘एहसान नहीं, सिर्फ काम का मौका चाहिए’
आर्थिक तंगी के कारण लुकास ने कई रातें बिना खाए गुज़ारी हैं। कई बार हताशा भी हुई, मगर उसने हार नहीं मानी। उसका एकमात्र सपना ईमानदारी से काम करना, अपनी पढ़ाई पूरी करना और अपनी मां का नाम रोशन करना है। उसने अपने वायरल रिज्यूमे में साफ लिखा है कि वह किसी से मदद या एहसान नहीं चाहता, बल्कि अपनी काबिलियत साबित करने के लिए सिर्फ एक मौका मांग रहा है। उसकी इसी ईमानदारी ने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों को प्रभावित किया है और लोग कंपनियों से उसे रोजगार देने की गुजारिश कर रहे हैं।








