कांवड़ यात्रा में छाया हरियाणवी गाना, 157 मिलियन पार व्यूज
कांवड़ यात्रा में छाया हरियाणवी गाना, 157 मिलियन पार व्यूज
नई दिल्ली। सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा (Kanwar Yatra 2026) पूरे उत्साह और उमंग के साथ जारी है। पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्तों का उत्साह बढ़ाने में हरियाणवी संगीत अहम भूमिका निभा रहा है। इस साल कांवड़ यात्रा में प्रसिद्ध हरियाणवी गायक राज मावर और अमन जाजी का भक्ति गीत 'जी लागे से बाब्या में' (Ji Laage se babya mai) सड़कों और डीजे पर खूब गूंज रहा है।
यूट्यूब पर 157 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार
वर्ष 2025 में रिलीज़ हुए इस हरियाणवी भजन को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। यूट्यूब पर इसे अब तक 157 मिलियन (15.7 करोड़) से अधिक बार देखा जा चुका है। 11 अगस्त को होने वाले जलाभिषेक से पहले, भक्तों की टोलियां इस गाने पर थिरकती हुई नज़र आ रही हैं। अपनी जबरदस्त बीट्स और एनर्जी के कारण इसे वर्ष 2026 की कांवड़ यात्रा का अनधिकृत 'एंथम' कहा जा रहा है।
पारंपरिक और मॉडर्न म्यूजिक का अनोखा मेल
हरियाणवी संगीत में अपने खास प्रयोगों के लिए पहचाने जाने वाले राज मावर ने इस भजन में भी पारंपरिक बीट्स के साथ मॉडर्न इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक का बेहतरीन मिश्रण पेश किया है। उनका यह अनूठा स्टाइल शिवभक्तों और युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है।
सिरसा से शुरू हुआ संगीत का सफर
13 अप्रैल 1994 को हरियाणा के सिरसा में जन्मे राज मावर एक पॉपुलर सिंगर, गीतकार, म्यूजिक कंपोजर और एक्टर हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2010-2011 के दौरान की थी। उनके करियर को असली पहचान भोले बाबा के ही सुपरहिट गीत 'मैं तेरी नचाई नाचूं सूं' से मिली थी। इसके अलावा 'मटक चालूंगी', 'स्कॉर्पियो' और 'चेतक' जैसे कई चर्चित गाने भी उनके नाम दर्ज हैं।








