कोरबा में दर्दनाक हादसा, पिता को बचाते-बचाते बेटे ने गंवाई जान

कोरबा में दर्दनाक हादसा, पिता को बचाते-बचाते बेटे ने गंवाई जान

कोरबा में दर्दनाक हादसा, पिता को बचाते-बचाते बेटे ने गंवाई जान

कोरबा। पुलकदई नाले में मछली पकड़ने गए एक बढ़ई की जान बचाने के लिए 19 वर्षीय बेटे ने अपनी जान की परवाह किए बिना उफनते पानी में छलांग लगा दी। करीब आधा किलोमीटर तक तेज बहाव से जूझते हुए उसने पिता को किसी तरह किनारे तक पहुंचा भी दिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने के दौरान पिता ने दम तोड़ दिया। बेटे के इस साहसिक संघर्ष के बावजूद पिता की जान नहीं बच सकी।

ये है पूरा ममला

घटना रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र की है। श्यामनगर बस्ती निवासी राजकुमार खैरवार (45) बढ़ई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार को वह अपने बेटे संदीप के साथ मछली पकड़ने प्रेम नगर घाट पहुंचे थे। लगातार बारिश के कारण पुलकदई नाला उफान पर था।

बताया गया कि राजकुमार किनारे खड़े होकर भारी जाल फेंक रहे थे। संदीप एहतियात के तौर पर उनके कंधे को पकड़ा था, जिससे संतुलन बना रहे, लेकिन जाल फेंकते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह सीधे उफनते नाले में जा गिरे। पिता को बहते देख संदीप ने एक पल भी नहीं गंवाया और तुरंत नाले में छलांग लगा दी। जहां राजकुमार गिरे थे, वहां करीब 20 फीट गहरा पानी और चट्टानों के कारण खोहनुमा जगह बनी हुई थी।
तेज बहाव के बीच संदीप लगातार पिता को संभालने का प्रयास करता रहा। दोनों पानी के साथ बहते हुए घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर मैगजीन भाटा तक पहुंच गए। वहां बहाव कुछ कम होने पर संदीप किसी तरह पिता को किनारे लाने में सफल हुआ।

अस्पताल ले जाते समय हो गई मौत

किनारे पहुंचने तक राजकुमार की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। पिता की उखड़ती सांसें देखकर संदीप घबरा गया। उसने उनका सिर अपनी गोद में रखकर मदद के लिए आवाज लगाई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
उनकी सहायता से राजकुमार को बाइक से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एक सप्ताह में डूबने से तीसरी मौत

लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नाले उफान पर हैं और डूबने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पिछले एक सप्ताह में यह तीसरी मौत है। इससे पहले कटघोरा थाना क्षेत्र के जेंजरा के पास पतरापाली नहर में बाइक समेत गिरने से एक ग्रामीण की मौत हो गई थी। वहीं 22 जुलाई को लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम नकिया के पास संचार नाले में उफनते पानी को पार करते समय बाइक सवार राहुल मंझवार और बुधराम मंझवार बह गए थे।
राहुल तैरकर बाहर निकल आया था, जबकि बुधराम मंझवार का शव बाद में बरामद हुआ। अब पुलकदई नाले में राजकुमार खैरवार की मौत ने एक बार फिर बरसात के दौरान नदी-नालों के खतरे को सामने ला दिया है।