प्री-SIR सूची से वोटर लिस्ट का होगा मिलान

प्री-SIR सूची से वोटर लिस्ट का होगा मिलान

प्री-SIR सूची से वोटर लिस्ट का होगा मिलान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों और पहली बार वोट देने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूदा मतदाता सूची का प्री-SIR सूची से मिलान करेंगे। इसमें उन मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पहले की सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं। इसके बाद BLO घर-घर पहुंचकर संबंधित मतदाताओं की स्थिति का सत्यापन करेंगे।

पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 के जरिए नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा। आयोग ने BLO को हर सप्ताह कम से कम 20 से 25 ऐसे मतदाताओं तक पहुंचने और करीब एक महीने में यह प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य दिया है।

18 साल पूरे कर चुके युवाओं पर भी फोकस

घर-घर सत्यापन के दौरान ऐसे लोगों की भी पहचान की जाएगी, जो मतदाता बनने की पात्रता पूरी कर चुके हैं, लेकिन अब तक उनका नाम सूची में नहीं जुड़ा है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और पहली बार मतदान करने वालों से फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता पंजीकरण सतत प्रक्रिया है और पात्र व्यक्ति नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

राजनीतिक दलों को भी दी जाएगी जानकारी

BLO की ओर से तैयार बूथवार सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) के साथ साझा की जाएगी। फॉर्म-6 और सत्यापन रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ERO) को भेजी जाएगी। इसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी।

इसके साथ ही बूथ स्तर पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे। रैन बसेरों, मजदूर कॉलोनियों, बेघर और वंचित लोगों के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान का प्रचार स्वीप गतिविधियों के जरिए होगा। CEO, DEO और ERO इसकी नियमित समीक्षा करेंगे।