हाईवे पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, नवजात की मौत
हाईवे पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, नवजात की मौत
सूरजपुर: जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। आठ माह की गर्भवती महिला को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के आरोप के बीच स्वजन उसे आटो से जिला चिकित्सालय सूरजपुर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-43 के किनारे महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई और सड़क किनारे ही उसने बच्ची को जन्म दिया। हालांकि, जन्म के कुछ ही देर बाद नवजात की मौत हो गई।
मंगलवार शाम करीब छह बजे हुई इस घटना ने एक बार फिर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत और उनकी जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार राजा भरथरी अगरिया की पत्नी सोनिया (25 वर्ष), निवासी उदयपुर डूमरडीह, इन दिनों काम के सिलसिले में ग्राम मानी गेतरा आई हुई थी। मंगलवार को उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई।
स्वजन उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं होने के कारण ऑटो से जिला चिकित्सालय सूरजपुर ले जाने लगे। इसी दौरान रास्ते में उसकी पीड़ा बढ़ गई। स्थिति ऐसी हो गई कि स्वजन को नेशनल हाइवे के किनारे आटो रोकना पड़ा। सड़क किनारे ही महिला का प्रसव हो गया और उसने बच्ची को जन्म दिया। स्वजन नवजात को बचाने की कोशिश में जुटे रहे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
जवाबदेही तय होगी या फिर जांच तक सीमित रहेगा मामला
घटना ने जिले की एंबुलेंस सेवा की उपलब्धता, रिस्पांस टाइम और आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में एंबुलेंस सेवा से जुड़ी शिकायत की जांच कराता है या नहीं। यदि एंबुलेंस बुलाने के बावजूद समय पर सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई तो जिम्मेदारों की भूमिका तय कर कार्रवाई की जानी चाहिए। सड़क किनारे प्रसव और नवजात की मौत की यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने की जरूरत को भी सामने लाती है।
वर्जन
महिला सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड के होने के कारण सूरजपुर जिले की गर्भवती महिलाओं की सूची में शामिल नहीं थी। इसके कारण विभाग को इसकी जानकारी नहीं थी। स्वजन की ओर से एंबुलेंस के लिए कोई सूचना नहीं दी गई थी। रास्ते में जब महिला ने मृत बच्चे को जन्म दिया तो सूचना मिलने पर अस्पताल से एुबुलेंस भेजकर उसे अस्पताल लाकरक उसका उपचार किया गया।
डा़ प्रशांत सिंह, सीएमएचओ सूरजपुर








