ग्वालियर में कल दौड़ेगी साइबर जागरूकता मैराथन
ग्वालियर में कल दौड़ेगी साइबर जागरूकता मैराथन
ग्वालियर। डिजिटल ठगी और साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए ग्वालियर पुलिस द्वारा एक बड़ा आयोजन किया जा रहा है। 'आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प' के ध्येय वाक्य के साथ पुलिस प्रशासन 4 जुलाई 2026 (शनिवार) को 'साइबर जागरूकता मैराथन' का आयोजन करने जा रहा है। यह दौड़ 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के अंतर्गत आयोजित की जा रही है, जिसका मुख्य नारा 'सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित भविष्य' है। इस आयोजन में भारत विकास परिषद (शाखा ऋषि गालव, ग्वालियर) और रोटरी क्लब ग्वालियर सहयोगी संस्थाओं के रूप में भूमिका निभा रहे हैं।
3 से 4 किलोमीटर का होगा रूट
यह मैराथन शनिवार सुबह ठीक 6:00 बजे जिला खेल परिसर, कम्पू से प्रारंभ होगी। लगभग 3 से 4 किलोमीटर लंबी यह दौड़ जिला खेल परिसर से शुरू होकर आमखो, मेडिकल कॉलेज चौराहा, शीतला कॉलेज चौराहा, माधव डिस्पेंसरी रोड, नया बाजार चौराहा, केआरजी कॉलेज और कम्पू थाना होते हुए वापस जिला खेल परिसर पर ही समाप्त होगी।
विजेताओं पर होगी इनामों की बौछार
प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग नकद पुरस्कार रखे गए हैं:
प्रथम पुरस्कार: ₹5,000
द्वितीय पुरस्कार: ₹3,000
तृतीय पुरस्कार: ₹2,000
चौथे से दसवें स्थान तक: दोनों वर्गों में ₹1,000 प्रति प्रतिभागी।
इसके अलावा, रोटरी क्लब ग्वालियर की ओर से विशेष प्रोत्साहन के रूप में प्रथम रिपोर्ट करने वाले 500 प्रतिभागियों को एक-एक टी-शर्ट भी प्रदान की जाएगी। ग्वालियर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि 'सोचें, समझें, तभी क्लिक करें' और इस सुरक्षित डिजिटल भारत के निर्माण में सहभागी बनें।








