इंदौर में बास्केटबॉल का महाकुंभ

इंदौर में बास्केटबॉल का महाकुंभ

इंदौर में बास्केटबॉल का महाकुंभ

इंदौर। प्रदेशभर की बास्केटबाल खिलाड़ी इंदौर में एक ट्रॉफी के लिए होड़ करती नजर आएंगी। मध्य प्रदेश राज्य सीनियर महिला चैंपियनशिप इंदौर में 12 से 15 जुलाई तक खेली जाएगी। मप्र अस्मिता बास्केटबाल लीग के नाम से आयोजित इस चैंपियनशिप में प्रदेश की 26 टीमों की 300 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।

मध्य प्रदेश बास्केटबाल संघ के महासचिव अविनाश आनंद ने बताया कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में प्रदर्शन के आधार पर मध्य प्रदेश की टीम का चयन भी होगा। पिछले साल एलएनआईपी ग्वालियर की टीम चैंपियन बनी थी जबकि नीमच की टीम उपविजेता थी। इस टूर्नामेंट के मुकाबले स्थानीय बास्केटबाल काम्प्लेक्स में तीन कोर्ट पर एकसाथ खेले जाएंगे।

नए खिलाड़‍ियों को सीखने को मिलेगा

टूर्नामेंट के दौरान इंदौर की गुनवी अग्रवाल और नीमच की खुशीपाल सिंह जैसी कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के खेल से अन्य खिलाड़ियों को सीखने को मिलेगा। मध्य प्रदेश बास्केटबाल संघ के अध्यक्ष कुलविंदर सिंह गिल ने बताया कि मप्र में अब महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए उनके टूर्नामेंट अलग कराए जा रहे हैं।

इस वर्ष उज्जैन में सबजूनियर और जूनियर वर्ग की राज्य स्पर्धा हुई थी जबकि अब इंदौर में महिलाओं की सीनियर चैंपियनशिप हो रही है। स्पर्धा के सफल संचालन के लिए गठित समिति में लक्ष्मीकांत पटेल, प्रो. एसके बंडी, सुनील हार्डिया और कुलदीप हार्डिया शामिल हैं।

मध्य प्रदेश की जूनियर महिला हाकी टीम का चयन कल से

मध्य प्रदेश की जूनियर महिला हाकी टीम की चयन ट्रायल 12 व 13 जुलाई को जबलपुर में आयोजित होगी। दो दिवसीय ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर 18 सदस्यीय मुख्य टीम का गठन होगा। हाकी मप्र के महासचिव लोक बहादुर ने शुक्रवार को बताया कि हाकी इंडिया के तत्वावधान में 12 से 23 अगस्त तक पुणे महाराष्ट्र में स्पर्धा आयोजित की जाएगी।

16वीं जूनियर महिला राष्ट्रीय हाकी चैंपियनशिप में भाग लेने हेतु मध्य प्रदेश टीम का चयन की जिम्मेदारी जबलपुर को सौंपी गई है। इस चयन प्रक्रिया में वे ही खिलाड़ी भाग ले सकते हैं, जिनका जन्म एक जनवरी 2007 या इसके बाद हुआ है। इसके साथ ही संबंधित सभी खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया से पूर्व हाकी इंडिया पोर्टल एवं एनएसआरएस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है।