कोरबा में कबाड़ लदा ट्रक घर में घुसा
कोरबा में कबाड़ लदा ट्रक घर में घुसा
कोरबा। राताखार में देर रात तेज रफ्तार कबाड़ लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसा। हादसे के वक्त घर में परिवार के सदस्य सो रहे थे। ट्रक की जोरदार टक्कर से मकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा, लेकिन घर में सो रहे सभी लोग सुरक्षित बच गए।
घटना के बाद चालक मौके से भाग निकला, जिसे पुलिस ने तलाश कर हिरासत में ले लिया। ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ लदा मिला है, जिसकी कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार स्थित बजरंग चौक मुख्य मार्ग की है। देर रात तेज रफ्तार ट्रक गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सीधे सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
घर में सो रहे लोगों को हादसे का पता चला तो अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि ट्रक की चपेट में कोई नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास तलाश कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में लिया। दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि वाहन में 20,860 किलो कबाड़ था। कबाड़ कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि राताखार में ट्रक के मकान में घुसने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। वाहन जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।








