संस्था की राशि निजी खाते में भेजने का आरोप

संस्था की राशि निजी खाते में भेजने का आरोप

संस्था की राशि निजी खाते में भेजने का आरोप

रायपुर। रायपुर के खरोरा तहसील के अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, गनियारी में समिति के खाते से प्रबंधक के निजी खाते में राशि ट्रांसफर किए जाने की शिकायत सामने आई है।

शिवसेना (छत्तीसगढ़) के रायपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष राकेश शर्मा ने इस मामले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अनियमितता की पुष्टि होने पर एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बैंक स्टेटमेंट में लेन-देन का दावा

शिकायत के अनुसार, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर की धरसींवा-खरोरा क्षेत्र से जुड़ी शाखा में संचालित गनियारी समिति के बचत खाते (624012015728) और सुरक्षा भंडारण खाते (624012000936) के बैंक स्टेटमेंट की पड़ताल में 2 नवंबर 2026 को NEFT/बैंक ट्रांसफर के जरिए एक अन्य खाते (624012115575) में राशि भेजे जाने का विवरण मिला है। शिकायतकर्ता का दावा है कि यह खाता समिति प्रबंधक कौशल कुमार वर्मा का व्यक्तिगत खाता है।

राकेश शर्मा के मुताबिक, पिछले छह महीनों के बैंक स्टेटमेंट के अवलोकन में समिति के बचत खाते से प्रबंधक के खाते में कुल 2 लाख 91 हजार 975 रुपए जमा होने की बात सामने आई है।

उनका कहना है कि समिति की राशि किसानों और संस्था के हित से जुड़ी है, इसलिए इसका उपयोग केवल स्वीकृत और वैधानिक कार्यों में ही किया जाना चाहिए। उन्होंने बैंक स्टेटमेंट में दर्ज अन्य तिथियों के लेन-देन की भी विस्तृत जांच कराने की मांग की है।

तीन साल के लेन-देन की जांच की मांग

शिवसेना ने शिकायत में संदिग्ध खातों के बीच हुए लेन-देन की बैंक रिकॉर्ड से पुष्टि करने और मूल अभिलेख, NEFT/UTR विवरण व भुगतान संबंधी दस्तावेज सुरक्षित रखने की मांग की है। इसके साथ ही पिछले तीन वर्षों में समिति के खाते से प्रबंधक के व्यक्तिगत खाते में भेजी गई कुल राशि का ब्योरा निकालकर जांच कराने को कहा है।

शिकायतकर्ता ने जांच पूरी होने तक प्रबंधक को समिति के कार्य से अलग करने की मांग भी की है। उनका कहना है कि अनियमितता या गबन की पुष्टि होने पर एफआईआर दर्ज कर राशि की वसूली की जाए।

वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी शिकायत

राकेश शर्मा ने बताया कि शिकायत की प्रतिलिपि सहकारिता मंत्री, धरसींवा विधायक, रायपुर कलेक्टर, सहकारिता विभाग के आयुक्त और उप आयुक्त (सहकारिता), रायपुर को भी भेजी गई है। उन्होंने सहकारी संस्थाओं में वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

खरोरा क्षेत्र में करीब 14 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां संचालित होने का हवाला देते हुए उन्होंने अन्य समितियों के कामकाज की निगरानी करने की बात भी कही है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई: सीईओ

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भूपेश चन्द्रवंशी ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है। इसके आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।