भाजपा नेता की विवादित हरकतें: पुलिस से बदसलूकी और नशे में गाड़ी चलाते पकड़े जाने का VIDEO सामने
भाजपा नेता की विवादित हरकतें: पुलिस से बदसलूकी और नशे में गाड़ी चलाते पकड़े जाने का VIDEO सामने
रायपुर । राजधानी रायपुर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के दौरान हंगामा करने वाले भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि भाजपा नेता ने नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की।
इसके अलावा ट्रैफिक टीआई को धमकी दी और ड्यूटी पर तैनात आरक्षक की कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की की। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।
आरोपी का नाम विकास शुक्ला बताया जा रहा है। वह खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बताकर पुलिसकर्मियों को वर्दी उतरवा देने की धमकी दे रहा था। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
तेलीबांधा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 मार्च की रात ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान के तहत गाड़ियों की जांच चल रही थी। उसी दौरान कार (CG-07-DD-6532) को रोका गया। कार चला रहे विकास शुक्ला की जांच की गई।
जांच में सामने आया कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। कार्रवाई की बात सुनते ही वह भड़क गया और पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी। आरोपी ने खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बताते हुए ट्रैफिक टीआई को वर्दी उतरवा देने की धमकी दी।
इसी दौरान उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज भी की। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने एक आरक्षक की कॉलर पकड़ ली और धक्का-मुक्की करते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। बाद में उसे गिरफ्तार कर शासकीय कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्र व्यवहार जैसी धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ लगातार सख्ती की जा रही है। कानून तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। आरोपी कोई भी हो, कानून से ऊपर नहीं है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।







