गड्ढों को नाम देकर कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
गड्ढों को नाम देकर कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
रायपुर। राजधानी में सड़क के गड्ढों को लेकर सियासत तेज हो गई है। गुढ़ियारी से रामनगर जाने वाले कैनाल रोड पर एफसीआइ के पास महीनों से बने बड़े गड्ढों में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं के पोस्टर चिपका दिए। कांग्रेसियों ने अनोखा विरोध जताते हुए इन गड्ढों का नामकरण महापौर मीनल चौबे, विधायक राजेश मूणत, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और उपमुख्यमंत्री व मंत्री अरुण साव सहित स्थानीय भाजपा जनप्रतिनिधियों के नाम पर कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि जब महीनों से सड़क के गड्ढे नहीं भरे जा सके, तो कम से कम इनका नाम उन जनप्रतिनिधियों के नाम पर ही रख दिया जाए, जिनकी जिम्मेदारी जनता की समस्याएं हल करना है।
एक लाख की आबादी हो रही परेशान
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। भारतमाता चौक गुढ़ियारी से रामनगर जाने वाले मार्ग पर एफसीआइ के पास गहरे गड्ढे होने के साथ ही कई जगह मेनहोल के ढक्कन भी खुले पड़े हैं। कांग्रेस के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन 30 से 40 हजार वाहन गुजरते हैं और करीब एक लाख की आबादी प्रभावित होती है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक इन गड्ढों में गिरकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
शिकायतों के बाद भी नहीं जागा निगम
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पार्षद, विधायक, जोन अध्यक्ष, एमआइसी सदस्यों और महापौर से कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है। तिलकनगर, अशोक नगर, विकास नगर, गोगांव, कालिंग नगर, खालबाड़ा, शुक्रवारी बाजार, मुर्राभट्टी, पहाड़ीपारा, एकतानगर, कोटा और रामनगर के लोग बदहाल सड़क से जूझ रहे हैं।
रविवार को दो घंटे से अधिक समय तक चली नारेबाजी और प्रदर्शन के बाद नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और गड्ढों को भरने का काम शुरू कराया। मेनन ने सवाल उठाया कि महीनों की शिकायतों के बाद निगम अब तक क्यों सोया रहा और आंदोलन के बाद ही अधिकारी क्यों जागे?








