मध्य प्रदेश की बालिकाओं ने दागे 12 गोल
मध्य प्रदेश की बालिकाओं ने दागे 12 गोल
इंदौर। मेजबान मध्य प्रदेश हाकी अकादमी ने चौथी राष्ट्रीय हॉकी इंडिया जूनियर महिला अंतर अकादमी चैंपियनशिप 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम पर गोलों की वर्षा करते हुए बड़ी जीत हासिल कर ली। रितु रानी हॉकी अकादमी ने भी जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की। सोमवार को खेले गए अधिकतर मुकाबले एकतरफा रहे।
खेल विभाग द्वारा ग्वालियर में आयोजित राष्ट्रीय अंतर अकादमी हॉकी स्पर्धा में मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ने एकतरफा मुकाबले में भाई बेहलो हाकी अकादमी भगता को एकतरफा मुकाबले में 12-0 से मात दी। पूरे मैच के दौरान मप्र की खिलाड़ियों ने दबदबा बनाए रखा और विपक्षी टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।
एकतरफा जीत हासिल की
मध्य प्रदेश ने शुरुआत से ही आक्रामक रूख अपनाए रखा था और ज्यादातर समय गेंद विपक्षी टीम के हॉफ में ही दिखाई दी। टीम की रक्षापंक्ति ने विपक्षी टीम की खिलाड़ियों को अपने डी में घुसने का कोई अवसर नहीं दिया। वहीं रितु रानी हाकी अकादमी और विद्यापति राजा हाकी अकादमी के बीच खेले गए एक अन्य मैच में रितु रानी हाकी अकादमी ने 13-0 से एकतरफा जीत हासिल की।
विद्यापति अकादमी की टीम रितु रानी अकादमी के आक्रमण का कोई तोड़ नहीं निकाल पाई। राजा करण हाकी अकादमी ने खालसा हाकी अकादमी अमृतसर को 2-0 से मात दी। वहीं प्रितम सिवाच हाकी अकादमी सोनीपत ने खेल प्राधिकरण गुजरात की हाकी अकादमी को 5-0 के अंतर से मात दी।








