दुर्ग के समोदा गांव में अवैध अफीम खेती का खुलासा,पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खेत का निरीक्षण किया
दुर्ग के समोदा गांव में अवैध अफीम खेती का खुलासा,पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खेत का निरीक्षण किया
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार (Vinayak Tamrakar) और विकास विश्नोई नामक युवक को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, विकास विश्नोई मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर जिले के ओसिया गांव का निवासी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यहां जमीन लीज पर लेकर अफीम की खेती की जा रही थी। मामले के सामने आते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।
मक्के की फसल के बीच की जा रही थी अफीम की खेती
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह जमीन मधुबाला और मधुमति ताम्रकार के नाम पर दर्ज है। दोनों भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की चचेरी बहनें बताई जा रही हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कुल 10.72 एकड़ जमीन में से करीब 6.28 एकड़ भूमि पर खेती की जा रही थी।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि अफीम के पौधे मक्के की फसल के बीच में लगाए गए थे ताकि खेती को छिपाया जा सके। पुलिस ने इस मामले में मधुबाला और मधुमति ताम्रकार को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। वहीं पुलिस हिरासत में लिए गए विनायक ताम्रकार और विकास विश्नोई से भी पूछताछ कर रही है।
जमीन लीज पर लेकर की जा रही थी खेती
पूछताछ के दौरान विकास विश्नोई ने पुलिस को बताया कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही है, उसे राजस्थान के जोधपुर निवासी आचल दास ने रेग (लीज) पर लिया था। पुलिस को यह भी जानकारी दी गई कि आचल दास फिलहाल होली का त्योहार मनाने अपने गांव गया हुआ है।
विकास विश्नोई पिछले करीब चार साल से समोदा गांव में रह रहा है। उसने विनायक ताम्रकार की लगभग 13 एकड़ जमीन को रेग पर लिया हुआ है, जहां वह कपास की खेती कर रहा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और मामले से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले ने लिया राजनीतिक रूप
अवैध अफीम खेती का यह मामला सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। भाजपा नेता का नाम सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) समोदा गांव पहुंच गए। उन्होंने उस खेत का निरीक्षण किया जहां अफीम की खेती किए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के कई नेता भी मौजूद रहे। वहीं दुर्ग रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य (Abhishek Shandilya) सहित पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिस खेत में अफीम की खेती की जा रही है, वह भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की जमीन बताई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जिले में पहली बार इस तरह की अफीम की खेती सामने आई है और यह जांच का विषय है कि यह खेती कब से की जा रही थी।
भूपेश बघेल ने कहा कि अफीम से डोडा, ब्राउन शुगर और चिट्टा जैसे नशीले पदार्थ बनाए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में राज्य में चिट्टा के कारोबार में तेजी आई है और इस मामले में करीब 800 लोग जेल में हैं।
सुशासन की अफ़ीम!! - Part 1
भाजपा किसान मोर्चा के नेता विनायक ताम्रकार दुर्ग ज़िले के ग्राम समोदा में 10 एकड़ खेत में अफ़ीम की खेती कर रहे हैं.
कल रात सूचना मिलते ही आज हम सब वहाँ पहुंचे हैं. बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हैं.
विधानसभा में उठेगा मुद्दा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण को विधानसभा में भी उठाया जाएगा। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राज्य के किसान धान की फसल लेकर खुश हैं, जबकि कुछ लोग अफीम की खेती कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और अफीम की खेती से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि इस अवैध गतिविधि के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अफीम की खेती करने के मामले में जांच के दौरान जो भी बातें सामने आ रही है उसका भी परीक्षण कराया जा रहा है। मामले में खेत के मालिक सहित कुछ और लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है। जमीन के संबंध में राजस्व विभाग से भी रिपोर्ट मंगाई गई है।
-मणिशंकर चंद्रा पुलिस प्रवक्ता दुर्ग







