क्रिक्रेट टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने कई रिकॉर्ड बनाये

क्रिक्रेट टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने कई रिकॉर्ड बनाये

क्रिक्रेट टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने कई रिकॉर्ड बनाये

नयी दिल्ली । भारत ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब तो अपने नाम किया ही, साथ ही रिकॉर्ड बुक में दर्ज कई रिकॉर्ड तोड़कर उन्हें अपने नाम किये।

भारत टी:20 के इतिहास में तीन बार यह टूर्नामेंट जीतने वाली पहली टीम बन गया और इस दौरान भारतीय टीम ने कई रिकॉर्ड भी बनाए। भारत ने इससे पहले 2007 और 2024 में टी20 विश्व कप जीता था। मौजूदा चैंपियन बनने के साथ ही भारत लगातार दो बार खिताब जीतने वाली और घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गयी।

आईसीसी की वेबसाइट के अनुसार, भारत और श्रीलंका में आयोजित एक महीने लंबे इस टूर्नामेंट के दौरान कई शानदार व्यक्तिगत और टीम प्रदर्शन देखने को मिले, जिनसे प्रतियोगिता रोमांचक बनी और कई नए रिकॉर्ड भी बने। फाइनल में भारत का 255/5 का स्कोर टी20 विश्व कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 253/7 बनाने के बाद टीम लगातार दो मैचों में 250 से अधिक रन बनाने वाली पहली टीम भी बनी। टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 256/4 का स्कोर बनाया था, जो इस विश्वकप का सबसे बड़ा टीम स्कोर है।

टूर्नामेंट में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने 383 रन बनाकर एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया। वहीं भारत के संजू सैमसन ने फाइनल में 89 रन बनाकर टी20 विश्व कप फाइनल की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेली और पूरे टूर्नामेंट में 24 छक्के लगाए।

भारत के अभिषेक शर्मा ने फाइनल में 18 गेंदों में अर्धशतक लगाकर टूर्नामेंट का सबसे तेज अर्धशतक बनाया। वहीं न्यूजीलैंड के फिन एलन ने 33 गेंदों में शतक लगाकर टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ा।

भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल में कुल 499 रन बने, जो टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन वाला मैच रहा। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में 106 छक्के लगाकर किसी एक टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 100 से अधिक छक्के लगाने वाली पहली टीम बनने का रिकॉर्ड भी बनाया।