20 साल बाद इंसाफ, 3 दोषियों को 40 साल की जेल

20 साल बाद इंसाफ, 3 दोषियों को 40 साल की जेल

20 साल बाद इंसाफ, 3 दोषियों को 40 साल की जेल

लंदन। उत्तरी इंग्लैंड के शेफील्ड से दो दशक पुराना एक ऐसा घिनौना मामला सामने आया है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। चार मासूम बच्चों और एक महिला के यौन उत्पीड़न व दुष्कर्म के मामले में शेफील्ड क्राउन कोर्ट ने ब्रिटिश-पाकिस्तानी मूल के तीन सगे भाइयों को कुल 40 वर्ष के कारावास की सख्त सजा सुनाई है।

इस घृणित अपराध में शामिल 41 वर्षीय अमर इल्यास (उर्फ किलर), 39 वर्षीय कमर इल्यास और 38 वर्षीय कमरान इल्यास को अदालत पहले ही दोषी करार दे चुकी थी। अदालत ने सोमवार को सजा का एलान करते हुए मुख्य आरोपी अमर इल्यास को 27 वर्ष, कमर इल्यास को 10 वर्ष और सबसे छोटे भाई कमरान इल्यास को 3 वर्ष जेल की सजा मुकर्रर की।

क्राउन प्रासिक्यूशन सर्विस (CPS) के विशेष अभियोजक मार्टिन मैकरोब ने बताया कि इन दरिंदों ने एक लाचार लड़की को नशीले पदार्थ और शराब पिलाकर अपनी हवस का शिकार बनाया, जिसके गहरे जख्म पीड़िता को ताउम्र कष्ट देते रहेंगे। इसके अतिरिक्त, मुख्य दोषी अमर ने चार अन्य नाबालिग बच्चियों को भी अपनी हैवानियत का निशाना बनाया था।

मुख्य सरगना चुपके से पाकिस्तान निकला

न्याय की इस पूरी प्रक्रिया के बीच एक चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब यह पता चला कि मुख्य सरगना अमर इल्यास अदालती जमानत का दुरुपयोग करके चुपके से पाकिस्तान भाग निकला। वह अंतिम सुनवाई के दौरान भी कोर्ट से नदारद रहा। अब ब्रिटेन की नेशनल क्राइम एजेंसी (NCA) हरकत में आ चुकी है और इस भगोड़े अपराधी को दबोचने व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश के लिए कड़े कदम उठा रही है।