शहीद आकाश गिरेपूंजे की पत्नी को बनाया जाएगा DSP
शहीद आकाश गिरेपूंजे की पत्नी को बनाया जाएगा DSP
रायपुर: राज्य सरकार ने माओवादी विरोधी अभियान में बलिदान हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आकाश राव गिरेपूंजे की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति देने का फैसला किया है। मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई पहली कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सरकार ने एएसपी गिरेपूंजे की शहादत को एक विशेष मामला मानते हुए उनकी पत्नी स्नेहा गिरेपूंजे को राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्ति देने का निर्णय लिया है। एएसपी आकाश राव गिरेपूंजे 9 जून 2025 को सुकमा जिले में माओवादी विरोधी अभियान के दौरान एक बम विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था। 2013 बैच के राज्य पुलिस सेवा अधिकारी गिरेपूंजे माओवादियों द्वारा घोषित बंद के मद्देनजर गश्त पर निकले थे। डोंड्रा गांव के पास हुए विस्फोट में वे बलिदान हो गए थे।







