देवउठनी एकादशी से शुरू होंगे मांगलिक कार्य

देवउठनी एकादशी से शुरू होंगे मांगलिक कार्य

देवउठनी एकादशी से शुरू होंगे मांगलिक कार्य

रायपुर। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी यानी देवउठनी (प्रबोधिनी) एकादशी का पर्व आज मनाया जा रहा है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं।

इसी के साथ चातुर्मास का समापन होगा और विवाह, गृह प्रवेश, गृह आरंभ, यज्ञोपवीत और देव प्रतिष्ठा जैसे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी।

गोधूलि बेला में होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह

देवउठनी एकादशी पर तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराने की परंपरा है। मान्यता है कि गोधूलि बेला में विधि-विधान से यह विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है।

इस बार रवियोग के साथ गोधूलि और प्रदोष काल का संयोग भी रहेगा। घरों में तुलसी के पौधे को सजाकर शालिग्राम या भगवान विष्णु की प्रतिमा के साथ विवाह की रस्में निभाई जाएंगी।

घरों में विशेष पूजा-अर्चना

भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा पूरी कर जागेंगे। माना जाता है कि भगवान के जागने के साथ ही सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी फिर से श्रीहरि संभालेंगे। चातुर्मास खत्म होगा और विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन जैसे मांगलिक कार्यों के लिए मुहूर्त मिलने लगेंगे।

इस दिन मंदिरों और घरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। तुलसी और भगवान शालीग्राम का विवाह भी इस तिथि पर कराने की परंपरा है।

25 जुलाई को देवशयनी एकादशी थी, इस दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले गए थे और चातुर्मास शुरू हुआ था। अब 118 दिन बाद देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु जागेंगे।

मान्यताओं के अनुसार, जब विष्णु जी विश्राम करते हैं, तब भगवान शिव सृष्टि का कार्यभार संभालते हैं। श्रीहरि के जागने के बाद वे दोबारा सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी अपने हाथों में ले लेते हैं।

ऐसे कर सकते हैं तुलसी-शालीग्राम का विवाह

देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह घर में भी किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले पूजा की तैयारी करें। एक चौकी पर लाल कपड़ा या आसन बिछाकर तुलसी का पौधा स्थापित करें। दूसरी चौकी पर भगवान शालीग्राम को विराजित करें। चाहें तो तुलसी के पौधे के पास ही शालीग्राम जी को रख सकते हैं।

तुलसी के पौधे के ऊपर गन्ने से मंडप बनाएं। इसके बाद कलश स्थापित कर दीपक जलाएं। तुलसी को लाल चुनरी, चूड़ियां, बिंदी और अन्य सुहाग की सामग्री अर्पित करें। भगवान शालीग्राम और तुलसी को मिठाई का भोग लगाएं। इसके बाद दोनों की आरती करें।

पूजा पूरी होने पर तुलसी और शालीग्राम जी की परिक्रमा करें। इस दौरान ॐ नमो भगवते वासुदेवाय का जप कर सकते हैं। अंत में भगवान से पूजा के दौरान हुई जाने-अनजाने गलतियों के लिए क्षमा मांगें।

देवउठनी एकादशी पर रायपुर जिले में आज स्थानीय अवकाश

देवउठनी एकादशी के अवसर पर आज रायपुर जिले में स्थानीय अवकाश है। इसके चलते मंत्रालय, नवा रायपुर सहित रायपुर शहर और जिले के अन्य सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग ने रायपुर शहर और नवा रायपुर के शासकीय कार्यालयों के लिए अवकाश घोषित किया है। वहीं, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के बाकी क्षेत्रों के सरकारी कार्यालयों और संस्थाओं में भी छुट्टी का आदेश जारी किया है।

हालांकि, बैंक, कोषालय और उपकोषालय खुले रहेंगे। इनका कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा।