कोरबा में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर-ट्रक टक्कर के बाद आग, ड्राइवर जिंदा जला

कोरबा में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर-ट्रक टक्कर के बाद आग, ड्राइवर जिंदा जला

कोरबा में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर-ट्रक टक्कर के बाद आग, ड्राइवर जिंदा जला

कोरबा। मंगलवार की सुबह अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर कोयले से लदे ट्रेलर और सीमेंट से भरे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।

हादसे में सीमेंट ट्रक का चालक केबिन में फंस गया और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई और यातायात प्रभावित रहा।
मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

घटना मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र के केंदई झरना के पास की है। हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ। कोयला लोड ट्रेलर कोरबा की ओर से आ रहा था, जबकि सीमेंट से भरा ट्रक अंबिकापुर की दिशा में जा रहा था। दोनों वाहनों की रफ्तार तेज बताई जा रही है। मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में देखते ही देखते आग भड़क उठी। कोयला लदे ट्रेलर का चालक वाहन से कूदकर बाहर निकलने में सफल रहा, जबकि सीमेंट ट्रक का चालक केबिन में फंस गया। आग तेजी से फैलने के कारण उसे बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

दमकल पहुंचने में लगी देर

घटना की सूचना मिलते ही मोरगा पुलिस चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन दमकल वाहन कटघोरा से आने के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग गया।

तब तक दोनों वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ चुके थे। आग बुझाने में कई घंटे लग गए। मोरगा पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक के स्वजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
चोटिया टोल नाका में हो दमकल वाहन की स्थाई व्यवस्था

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग नेशनल हाईवे है और यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। आग लगने की घटनाओं में राहत कार्य में देरी आम बात हो गई है। लोगों ने मांग की है कि मोरगा चौकी या चोटिया टोल नाका के पास दमकल वाहन की स्थाई व्यवस्था की जाए, ताकि आपात स्थिति में तत्काल मदद मिल सके और जानमाल का नुकसान कम हो।

हादसे वाली जगह से कुछ दूरी पर एक अन्य वाहन खराब हालत में सड़क पर खड़ा था, जिससे आवागमन और प्रभावित हुआ। राहत की बात यह रही कि वह वाहन आग की चपेट में नहीं आया।
एक सप्ताह पहले यहीं जिंदा जल गए थे कार सवार दो लोग

कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर केंदई के पास मोड़ पर एक सप्ताह पहले देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार पिकअप और कार के बीच आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

आग की तेज लपटों में घिरे वाहन कुछ ही पलों में जलने लगे। दमकल की टीम के पहुंचने से पहले कार सवार रवि साहू और सुरेश ठाकुर की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।
इस मार्ग में हाल ही में हुई कुछ और प्रमुख घटनाएं

22 फरवरी 2026 - मोरगा के पास दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौके पर मौत।

22 फरवरी 2026 - मोरगा क्षेत्र में उसी हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल।

10 फरवरी 2026 - नवापारा मोड़ के पास बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने चपेट में लिया, मौके पर मौत।

15 जनवरी 2026 - बरपाली गांव के पास फिसलन भरी सड़क पर कार पलटी, दो लोग घायल।

2 फरवरी 2026 - मोरगा के पास सड़क किनारे खड़े कोयला लदे ट्रेलर में अचानक आग लगी, चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई।