अमेरिका के टेक्सास में अंधाधुंध फायरिंग, हमलावर समेत तीन की मौत; 14 घायल
अमेरिका के टेक्सास में अंधाधुंध फायरिंग, हमलावर समेत तीन की मौत; 14 घायल
नई दिल्ली । अमेरिका के टेक्सास प्रांत की राजधानी ऑस्टिन (Austin) से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के एक लोकप्रिय बीयर गार्डन में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में बंदूकधारी सहित तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 14 अन्य लोग घायल हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यह हमला रविवार देर रात स्थानीय समयानुसार लगभग 1:59 बजे हुआ। वेस्ट 6 स्ट्रीट स्थित 'बुफोर्ड बैकयार्ड बियर गार्डन' में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक हमलावर ने राइफल और हैंडगन से लोगों पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध हमलावर को ढेर कर दिया। फिलहाल गोलीबारी के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफबीआई (FBI) जाइंट टेररिज्म टास्क फोर्स ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है।
आस्टिन शहर, जिसे अपनी तकनीकी कंपनियों के कारण 'सिलिकॉन हिल्स' भी कहा जाता है, बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकी प्रवासियों का निवास स्थान है। शहर के केंद्र (Downtown) में हुई इस हिंसक घटना के बाद वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। फिलहाल पीड़ितों की पहचान उजागर नहीं की गई है।







