रायपुर में नवजात तस्करी का चौंकाने वाला खुलासा

रायपुर में नवजात तस्करी का चौंकाने वाला खुलासा

रायपुर में नवजात तस्करी का चौंकाने वाला खुलासा

रायपुर। राजधानी में नवजातों की खरीद-बिक्री करने वाले अंतरराज्यीय सिंडिकेट की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इसके काम करने के तरीके (मोडस ऑपरेंडी) को लेकर चौंकाने वाली परतें खुल रही हैं। पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि यह गिरोह निसंतान दंपतियों से मनचाही कीमत वसूलने के लिए बच्चों की जाति तक कागजों में बदल देता था। खरीदारों की मांग के मुताबिक नवजातों के उच्च जाति होने के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराए जाते थे और इसी आधार पर एक बच्चे का सौदा पांच से 10 लाख रुपये तक में तय होता था।

डीएनए टेस्ट की तैयारी

वहीं, पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती बेचे गए नवजातों के वास्तविक जैविक माता-पिता और खरीदार परिवारों की पुष्टि करना है, जिसके लिए अब डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी की जा रही है।

मैरेज ब्यूरो संचालक के जरिए खुला नवजातों की सौदेबाजी का राज

सिंडिकेट की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने कबीर नगर के आशियाना अपार्टमेंट निवासी मैरेज ब्यूरो संचालक जितेंद्र खेतान (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जो इस मामले की सातवीं गिरफ्तारी है। जांच में खुलासा हुआ कि जितेंद्र को दूसरा बच्चा नहीं होने पर एक बच्ची गोद लेनी थी। इसी सिलसिले में सोशल मीडिया के जरिए वह गिरोह की मास्टरमाइंड कृतिका साहू के संपर्क में आया और दिसंबर 2025 में डेढ़ लाख रुपये में एक बच्ची ली। इसके बाद मोटी कमाई देख वह खुद सिंडिकेट का सक्रिय दलाल बन गया। उसने कृतिका साहू और उसकी सहयोगी गीतिका नाग के साथ मिलकर महज 11 महीने में चार नवजातों का सौदा कराया, जिसके बदले उसे प्रति बच्चे पर डेढ़ से दो लाख रुपये कमीशन मिलता था। पुलिस ने जितेंद्र के पास से एक बच्ची भी बरामद की है, जिसके वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर बाल कल्याण समिति के निर्देश पर उसे मातृछाया में रखा गया है।

दो और निजी अस्पताल जांच के दायरे में

पड़ताल में यह भी सामने आया है कि गिरोह के तार अस्पतालों के नेटवर्क से भी जुड़े हैं। पहले से चिह्नित दिवाकर और साई अस्पताल के अलावा अब समता कॉलोनी और बढ़ईपारा स्थित दो अन्य अस्पतालों में भी संदिग्ध डिलीवरी कराए जाने के सुराग मिले हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। इस मामले में पुलिस अब तक मास्टरमाइंड कृतिका साहू, गीतिका नाग, अहिल्या नामदेव, डॉ. खीर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव, अश्वनी शर्मा और जितेंद्र खेतान समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

आठ राज्यों तक फैला नेटवर्क, एसआइटी रवाना

सिंडिकेट का जाल छत्तीसगढ़ के अलावा तेलंगाना, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु तक फैला हुआ है। बाहरी राज्यों के खरीदारों और बिचौलियों की धरपकड़ के लिए एसआइटी की टीमें महाराष्ट्र और तेलंगाना सहित अन्य राज्यों में भेजी गई हैं।