जनता की शिकायतों पर बृजमोहन नाराज, नायब तहसीलदार पर जताई नाराजगी
जनता की शिकायतों पर बृजमोहन नाराज, नायब तहसीलदार पर जताई नाराजगी
रायपुर। रायपुर के आरंग के नगर पंचायत समोदा में सुशासन तिहार कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सांसद बृजमोहन अग्रवाल शिकायत मिलने पर भड़क गए। उन्होंने नायब तहसीलदार गजानंद सिदार को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि, आपका अभिनंदन करें कि क्या करें बताओ।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फटकार लगाते हुए बृजमोहन ने कहा कि सबसे ज्यादा शिकायत आपकी है। कितना पैसा लेते हो, जो लोगों को बोलते हो…क्या बोलते हो लोगों से? इसकी सबसे ज्यादा शिकायत है। कितना पैसा दिए हो सांसद जी को…कितना पैसा दिए हो? यह बातकर सुनकर वहां शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीण ताली बजाने लगे।
जानकारी के मुताबिक, समोदा हाई स्कूल मैदान में शुक्रवार (15 मई) को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर जनता की शिकायतें सुनना था, लेकिन मंच पर सबसे ज्यादा मुद्दा तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर उठा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि, समोदा तहसील कार्यालय में राजस्व संबंधी मामलों का निराकरण समय पर नहीं हो रहा है। नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा समेत कई केस महीनों से लंबित पड़े हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि काम कराने के नाम पर पैसों की मांग की जाती है और बिना लेन-देन के फाइलें आगे नहीं बढ़तीं।







