दोस्ती की आड़ में डिजिटल डकैती

दोस्ती की आड़ में डिजिटल डकैती

दोस्ती की आड़ में डिजिटल डकैती

रायपुर। दूसरों के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर फाइनेंस ऐप से लोन लेकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुदित पांडे उर्फ क्रिस पवार के रूप में हुई है, जिसे मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से गिरफ्तार किया गया। मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार आरोपी एमजी रोड क्षेत्र के छोटे दुकानदारों से पहले दोस्ती करता था। भरोसा जीतने के बाद वह उनके मोबाइल फोन कुछ देर के लिए मांगता और उसी दौरान फाइनेंस ऐप्स के जरिए लोन के लिए आवेदन कर देता था। लोन की रकम आरोपी अपने एक पार्टनर के बैंक खाते में ट्रांसफर कर देता था।

4 लाख रुपए से अधिक की ठगी

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 4 से 5 कारोबारियों के मोबाइल का उपयोग कर 4 लाख रुपए से अधिक की ठगी की। शुरुआत में आरोपी कुछ किश्तें समय पर जमा करता था, जिससे किसी को संदेह न हो। बाद में जब किश्तें बाउंस होने लगीं और दुकानदारों के पास रिकवरी कॉल आने लगे, तब ठगी का राजफाश हुआ।

डिजिटल लोन ऐप्स की जानकारी का गलत इस्तेमाल

आरोपी ने दसवीं तक पढ़ाई की है और डिजिटल लोन ऐप्स की जानकारी का गलत इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दे रहा था। पीड़ितों की शिकायत पर मौदहापारा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उसने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है तथा ठगी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका क्या है।