मध्य प्रदेश के 6 हॉकी खिलाड़ियों को भारतीय जूनियर टीम के कैंप में चयन
मध्य प्रदेश के 6 हॉकी खिलाड़ियों को भारतीय जूनियर टीम के कैंप में चयन
इंदौर। मध्य प्रदेश के छह जूनियर हॉकी खिलाड़ियों को हाल ही में बिहार के राजगीर में संपन्न 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन का पुरस्कार मिला है। मप्र टीम के छह खिलाड़ियों को भारतीय अंडर-18 टीम के चयन कैंप में शामिल किया गया है। यह सभी खिलाड़ी मध्य प्रदेश राज्य अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।
इस चयन ट्रायल के बाद चयनित टीम जापान में 19 मई से छह जून तक आयोजित होने वाले अंडर-18 एशिया कप में भागीदारी करेगी। मप्र राज्य हॉकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक समीर दाद ने बताया कि मप्र राज्य अकादमी के खिलाड़ियों ने बिहार के राजगीर में आयोजित सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशप में रजत पदक जीता है। हमारी टीम के सभी खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
अधिकांश खिलाड़ी टीम में अपना स्थान पक्का करने में सफल रहेंगे
इसीलिए इसमें से छह खिलाडियों को जापान में होने वाले अंडर-18 एशिया कप के लिए भारतीय टीम के चयन कैंप में बुलाया गया है। यह हमारी अकादमी की उपलब्धि है। अच्छी बात है कि यह शिविर भी भोपाल के साई सेंटर में आयोजित हो रहा है। उम्मीद है इसमें से अधिकांश खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में अपना स्थान पक्का करने में सफल रहेंगे।
प्रशिक्षक लोकेंद्र सिंह और हबीब हसन ने बताया कि यह छह होनहार खिलाड़ी पिछले कुछ साल पहले ही अकादमी में आए है। अंश बहुत्रा नर्मदापुरम के हैं। सिद्धार्थ बेन और आयुष रजक जबलपुर से हैं। करण गौतम उमरिया, गाजी खान इटारसी तथा अवि मानिकपुर बिलासपुर से हैं। वैसे पूरी टीम ने बिहार में बहुत ही यादगार प्रदर्शन किया है।
बेहतर सुविधा और संसाधन मिल रहे
मप्र राज्य हॉकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक समीर दाद ने बताया कि अकादमी में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और संसाधन मिल रहे है, इसीलिए हमारे खिलाड़ी बेहतर परिणाम दे रहे है। विवेक सागर प्रसाद दो बार ओलिंपिक में पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं।
विवेक भी समय समय पर अकादमी में अभ्यास के लिए आते है, इससे भी जूनियर खिलाड़ियों को लाभ मिलता है। उल्लेखनीय है कि समीर दाद वर्ष 2000 के सिडनी ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके है।







