इमरान हाशमी का जादू बरकरार, 27 मिलियन पार
इमरान हाशमी का जादू बरकरार, 27 मिलियन पार
मुंबई । इमरान हाशमी (Emraan Hashmi) की आगामी फिल्म 'आवारापन 2' का पहला (Awarapan 2 latest Song), गाना 'वे जुनून' रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। फिल्म की पहली झलक और नए गाने को देखने के बाद फैंस का मानना है कि इमरान हाशमी एक बार फिर अपने पुराने रोमांटिक दौर की याद ताजा करने वाले हैं।
इस खुशी के बीच कई प्रशंसक दिवंगत गायक केके की कमी भी महसूस कर रहे हैं, जिनकी आवाज इमरान हाशमी की कई सुपरहिट फिल्मों की पहचान रही है।

तीन दिनों में 27 मिलियन व्यूज
यूट्यूब पर तीन दिन पहले रिलीज हुए 'वे जुनून' (Ve Junoon) को अब तक 27 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इस गाने का संगीत मिथुन ने तैयार किया है, जबकि इसे सुबोध शर्मा ने अपनी आवाज दी है।
सुबोध शर्मा पिछले 12 वर्षों से साउंड इंजीनियर के रूप में काम कर रहे हैं। उन्हें यह बड़ा अवसर विशेष भट्ट ने इंस्टाग्राम पर उनकी एक रील देखने के बाद दिया। गाने को दर्शकों का सकारात्मक रिस्पॉन्स मिल रहा है और सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है।
फैंस को आई KK की याद
इमरान हाशमी की फिल्मों के साथ केके की आवाज को हमेशा खास पहचान मिली है। 'तू ही मेरी शब है', 'जरा सा', 'दिल इबादत', 'तुझे सोचता हूं' और 'बीते लम्हें' जैसे कई लोकप्रिय गीत आज भी दर्शकों की पसंद बने हुए हैं।
इसी वजह से 'वे जुनून' को पसंद करने के साथ-साथ कई फैंस सोशल मीडिया पर केके को याद करते हुए भावुक प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।
टीजर ने बढ़ाई फिल्म की उत्सुकता
हाल ही में रिलीज हुए 'आवारापन 2' के टीजर ने भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। करीब 1 मिनट 45 सेकंड लंबे टीजर की शुरुआत सॉफ्ट वायलिन म्यूजिक के साथ होती है। बैकग्राउंड में इमरान हाशमी की आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह कहते हैं, "कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होती, उनकी कहानी दूसरों के लिए लिखी जाती है।"
टीजर में शुरुआत में इमरान हाशमी का चेहरा पूरी तरह नहीं दिखाया जाता। उन्हें बाइक चलाते हुए और बर्ड टैटू के क्लोज-अप के जरिए दिखाया गया है। इसके बाद वह एक कब्र के पास पहुंचते हैं, जिस पर 'आलिया हामिद 1984-2007' लिखा नजर आता है। यह वही किरदार है, जिसे पहली फिल्म 'आवारापन' में श्रिया सरन ने निभाया था।
टीजर में इमरान हाशमी के अलावा शबाना आजमी और दिशा पाटनी की झलक भी दिखाई गई है। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
2007 की फिल्म का आगे बढ़ेगा सफर
साल 2007 में रिलीज हुई 'आवारापन' एक क्राइम और इमोशनल ड्रामा फिल्म थी। इसमें इमरान हाशमी ने शिवम पंडित नाम के गैंगस्टर का किरदार निभाया था, जो अपने दर्दनाक अतीत से जूझता है। फिल्म में आलिया का किरदार उसकी जिंदगी में नई उम्मीद लेकर आता है, लेकिन उसकी मौत कहानी को भावनात्मक मोड़ देती है।
फिल्म के 'तो फिर आओ' और 'माहिया' जैसे गीत आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। अब करीब 19 साल बाद इसका सीक्वल उसी अधूरी कहानी को आगे बढ़ाने का दावा कर रहा है।








